महासमुन्द

31 साल पहले मृत आदिवासी महिला की जमीन किसी और ने बेची, शिकायत पर जांच शुरू
24-Jun-2026 2:32 PM
31 साल पहले मृत आदिवासी महिला की जमीन किसी और ने बेची, शिकायत पर जांच शुरू

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 24 जून। महासमुंद जिले के बागबाहरा तहसील के ग्राम पतेरापाली में 31 साल पूर्व मृत आदिवासी लीलाबाई की 00.61 हेक्टेयर जमीन किसी और लीलाबाई द्वारा बेचे जाने की शिकायत ग्रामीणों ने जनदर्शन में माह भर पूर्व की थी।

उक्त शिकायत की जांच के दौरान बागबाहरा एसडीएम ने लालपुर बागबाहरा निवासी लीलाबाई को नोटिस भेजकर तलब किया तो उसने अपने आपको असली लीलाबाई बताया। अब इस जमीन की खरीदी-बिक्री में असली और नकली लीलाबाई का प्रश्न सामने आने के बाद मामला बड़ा पेचीदा हो गया है। एसडीएम ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

न्यायालय अनुविभागीय अधिकारी सिविल बागबाहरा नमिता मारकोले ने बताया कि जनदर्शन में प्रकरण आया था। अनुविभागीय अधिकारी सिविल बागबाहरा में मामला पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई है। नोटिस भेजकर बागबाहरा निवासी लीलाबाई को तलब किया था। वह जेठूराम गोंड़ के नाम पर ग्राम में खसरा नंबर.339-8, नया खसरा नंबर. 805 रकबा 0.61 हेक्टेयर जमीन दर्ज थी।

 लीलाबाई की 1994 में मृत्यु हो गई। पश्चात उनकी इकलौती पुत्री रथबाई पिता जेठूराम गोंड़ का नाम राजस्व अभिलेखों में दर्ज हुआ था। रथबाई अन्यत्र निवास करने के कारण इस जमीन पर गांव का ही व्यक्ति रामलाल पिता आनंदराम गाड़ा खेती करता आ रहा था।

उन्होंने बताया कि कलेक्टर जनदर्शन में 12 मई 2026 को मेघराज सोनवानी ने ग्रामीणों के साथ आकर मामले की शिकायत की थी।  शिकायत में बताया गया है कि उक्त जमीन रायपुर के किसी व्यक्ति को किसी लीलाबाई ने विक्रय कर दी है। जमीन के सीमांकन के लिए राजस्व अमला गांव पहुंचा तो वर्तमान कब्जेदार मेघराज सोनवानी ने आपत्ति करते हुए पूछताछ की। बताया कि रायपुर के एक व्यक्ति ने इस जमीन को साल भर पहले खरीद लिया है।

इस खुलासे के बाद कब्जाधारी और ग्रामीण हैरान हुए। मेघराज ने शिकायत में आरोप लगाया है कि 31 वर्ष पूर्व मृत लीलाबाई बेवा जेठूराम के स्थान पर किसी और लीलाबाई को प्रस्तुत कर उक्त भूमि बेच दी गई है। कोमाखान और पतेरापाली के जमीन की खरीदी-बिक्री से जुड़े 2 नामों का उल्लेख करते हुए मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की गई है। जांच जारी है।


अन्य पोस्ट