महासमुन्द

मानसून की दस्तक के बाद किसानों में उम्मीद लौटी
24-Jun-2026 2:28 PM
मानसून की दस्तक के बाद किसानों में उम्मीद लौटी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 24 जून। काफी इंतजार और भीषण गर्मी के दौर के बाद आखिरकार सोमवार को मानसून ने महासमुंद जिले में अपनी मौजूदगी दर्ज करा दी है। निर्धारित समय से लगभग 10 दिन विलंब से पहुंचा मानसून 23 जून से और अधिक सक्रिय होने संकेत दे रहा है।

 मौसम विभाग द्वारा नारी पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में गरज चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जिससे कृषि गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद है।

पिछले करीब दो माह से जिले सहित पूरे क्षेत्र के लोग तेज गर्मी और उमस से परेशान थे। लगातार बढ़ते तापमान ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया था। दोपहर के समय सडक़ों पर सन्नाटा पसरा हता था और लोगों को घरों से निकलने में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। ऐसे में मानसून की सक्रियता की खबर ने आमजन के साथ-साथ किसानों को भी बड़ी राहत दी है।

कल दोपहर लगभग 2 बजे शहर में करीब 20 मिनट तक हुई बारिश ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया। अचानक शुरू हुई तेज बारिश से शहर की सडक़ें गलियां भीग गईं और कई स्थानों पर पानी जमा हो गया। बीटीआई रोड स्थित भाजपा कार्यालय के सामने सडक़ पर पानी भर जाने से वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। दोपहिया  वाहन चालकों को विशेष रूप से सावधानी बरतनी पड़ी। बारिश के बाद तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि वातावरण में नमी बढऩे के कारण उमस की स्थिति भी बनी हुई है।


अन्य पोस्ट