महासमुन्द

रेप के आरोपी बाबा की तबियत बिगड़ी, रायपुर भेजा
21-Jun-2026 8:04 PM
रेप के आरोपी बाबा की तबियत बिगड़ी, रायपुर भेजा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 21 जून। रेप के आरोप में महासमुंद सेंट्रल जेल में बंद चावल वाले बाबा के नाम से मशहूर नरेंद्र नयन शास्त्री को गोपनीय तरीके से कल महासमुंद से रायपुर ले जाया गया है। सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार सूमो वाहन में सवार आरोपी बाबा को पहले रायपुर केंद्रीय जेल में लाया गया है, जहां से उन्हें उपचार के लिए मेकाहारा ले जाया जाएगा।

 मिली जानकारी के अनुसार नरेंद्र नयन शास्त्री को महासमुंद जेल से सूमो वाहन में रायपुर लाया गया। इस दौरान फालो गाड़ी के तौर पर एक वाहन भी साथ में चल रही थी। उन्हें सोनोग्राफी के लिए मेकाहारा ले जाएंगे और उसके  बाद रिपोर्ट आते ही उन्हें वापस महासमुंद जेल लाया जाएगा।

मालूम हो कि महासमुंद जिले के बागबाहरा थाना में एक महिला ने चर्चित कथावाचक एवं ज्योतिषाचार्य नरेंद्र नयन शास्त्री के खिलाफ रेप की लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। प्रारंभिक जांच में सामने आए तथ्यों को सही पाते हुए बागबाहरा पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की गंभीर धाराओं 376(2) (ज), 376(2) (एन) और 376 (2) (एम) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी नरेंद्र नयन शास्त्री को रायपुर जिले के सिलयारी से गिरफ्तार किया था।

बताया जा रहा है कि महासमुंद केंद्रीय जेल में भर्ती रहने के दौरान बाबा की तबीयत बिगडऩे के बाद महासमुंद पुलिस की एक विशेष टीम ने बाबा की सामाजिक व सार्वजनिक पहचान को देखते हुए बेहद सतर्कता के साथ रायपुर केंद्रीय जेल लेकर पहुंची। जहां कागजी कार्रवाई को पूरा करने के बाद उपचार के लिए बाबा को मेकाहारा ले जाया गया।

गिरफ्तार आरोपी नरेंद्र नयन शास्त्री मूल रूप से रायपुर जिले के सिलयारी क्षेत्र का रहने वाला है। वह लंबे समय से अपनी कथावाचन और ज्योतिष विधा को लेकर सुर्खियों में रहा है। आम जनता और श्रद्धालुओं के बीच उसकी पहचान ‘चावल देखकर भविष्य बताने वाले चावल बाबा’ के रूप में रही है।


अन्य पोस्ट