महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 21जून। नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू के निर्देशानुसार कल शनिवार को स्वच्छता दीदियों द्वारा शीतला तालाब परिसर में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान तालाब के किनारे एवं आसपास फैली गंदगी, झिल्ली एवं पॉलिथीन पन्नियों को हटाकर साफ-सफाई की गई।
स्वच्छता दीदियों ने तालाब के आसपास पड़े कचरे का संग्रहण कर उसका उचित निस्तारण किया तथा क्षेत्र को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने का प्रयास किया। इस अवसर पर आमजन से भी अपील की गई कि वे तालाब एवं सार्वजनिक स्थलों पर कचरा, पॉलिथीन एवं अन्य अपशिष्ट सामग्री न फेंकें तथा स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें। नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि नगर के सभी जल स्रोतों एवं सार्वजनिक स्थलों की नियमित साफ-सफाई कराई जाएगी, जिससे स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित किया जा सके। सफाई अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। इस अवसर पर प्रमुख रूप से स्वच्छ भारत मिशन के प्रभारी नौशाद बक्श, सुपरवाइजर रमा महानंद, टिकेश्वरी मिरी, मोहनदास मानिकपुरी, चन्द्रशेखर पाटकर आदि उपस्थित थे।