महासमुन्द

अब तक 5 से अधिक बार पेपर लीक हो चुके, जो डॉक्टर बनना चाहते थे वो आत्महत्या कर रहे-द्वारिकाधीश
20-Jun-2026 3:07 PM
अब तक 5 से अधिक बार पेपर लीक हो चुके, जो डॉक्टर बनना चाहते थे वो आत्महत्या कर रहे-द्वारिकाधीश

 कहा-ऐसे में शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान को नैतिकता के नाते इस्तीफ ा दे देना चाहिए

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 20 जून। खल्लारी विद्यायक एवं कांग्रेस जिलाध्यक्ष द्वारिकाधीश यादव ने कल शुक्रवार शाम एक पत्रकार वार्ता में कहा कि नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक और परीक्षा प्रणाली की खामियों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी अब जमीन की लड़ाई लड़ेगी। 2047 तक बदलाव की बात करने वाली केंद्र सरकार पारदर्शिता पूर्ण नीट की एग्जाम करवाने में असफल है। श्री यादव का आरोप है कि अब तक 5 से अधिक बार पेपर लीक हो चुके हैं। जो डॉक्टर बनना चाह रहे हैं वो आत्महत्या कर रहे हैं। ऐसे में तो शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान को नैतिकता के नाते इस्तीफा दे देना चाहिए। वहीं अब तक नीट मामले की जांच में दोषी कौन हैं इसकी जांच भी ठीक से नहीं हो पा रही है। कांग्रेसजनों ने संयुक्त रूप से मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही तय करने और व्यापक सुधार की मांग उठाई।

उन्होंने कहा कि देश की सबसे बड़ी चिकित्सा प्रवेश परीक्षा में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों ने पूरी परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यह लाखों छात्रों के भविष्य से जुड़ा है। इतने गंभीर मामले के बावजूद केंद्रीय शिक्षा मंत्री की जवाबदेही तय नहीं की जा रही है। नेताओं ने सवाल उठाया कि यदि परीक्षा प्रश्नपत्रों की सुरक्षा के लिए वायुसेना की मदद लेनी पड़ रही है, तो यह व्यवस्था की गंभीर विफलता का संकेत है।

पत्रकार वार्ता में छात्रों पर बढ़ते मानसिक दबाव और आत्महत्या की घटनाओं पर भी उन्होंने चिंता जताई। कहा कि नीट  परीक्षा विवादों और अनिश्चितता के कारण प्रतिभाशाली छात्र अवसाद का शिकार हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान शिक्षा व्यवस्था युवाओं को अवसर देने के बजाय उन्हें प्रतिस्पर्धा से बाहर करने वाला रिजेक्शन सिस्टम बन गई है। कांग्रेस ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में परिवारों पर पड़ रहे आर्थिक बोझ का भी मुद्दा उठाया।

श्री यादव के अनुसार देशभर के नीट अभ्यर्थी और उनके परिवार कोचिंग, हॉस्टल तथा अध्ययन सामग्री पर सालाना भारी राशि खर्च कर रहे हैं। जबकि रोजगार के अवसर सीमित होते जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मध्यम और गरीब वर्ग के परिवार अपने बच्चों के भविष्य के लिए बड़ी आर्थिक कीमत चुका रहे हैं। इस दौरान कांग्रेस ने शिक्षा बचाओ, अपना भविष्य बचाओ अभियान के तहत देशव्यापी आंदोलन की घोषणा की। नेताओं ने बताया कि आंदोलन का पहला चरण कोटा में आयोजित हो चुका है। जबकि आगामी कार्यक्रम इलाहाबादए पटना और नई दिल्ली में आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने प्रेस वार्ता में कांग्रेस ने केंद्र सरकार के समक्ष चार प्रमुख मांगें रखीं।

इनमें पेपर लीक मामलों पर श्वेत पत्र जारी करने, राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी एनटीए और शिक्षा मंत्रालय के जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने, परीक्षा व्यवस्था में स्थायी सुधार लागू करने तथा प्रतियोगी परीक्षाओं के फॉर्म एवं तैयारी पर लगने वाले 18 प्रतिशत जीएसटी को समाप्त करने की मांगें  शामिल है।  उन्होंने कहा कि छात्रों के भविष्य और शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता को बचाने के लिए सरकार को तत्काल ठोस कदम उठाने होंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगों पर कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रेस वार्ता के दौरान पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ रश्मि चंद्राकर, बरिष्ठ कांग्रेस नेता सेवन लाल चंद्राकार,अधिवक्ता भारत सिंह ठाकुर, संजय शर्मा, लक्ष्मण पटेल, डॉ एजाज नकवी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस जन उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट