महासमुन्द
महासमुंद, 20 जून। बागबाहरा-खरियार रोड राष्ट्रीय राजमार्ग पर चंदरपुर पेट्रोल पंप के पास हुए सडक़ हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका चाचा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार बाइक पर सवार चाचा-भतीजा सडक़ किनारे खड़े एक ट्रक से पीछे से जा टकराए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि छबि ठाकुर पिता छत्तर सिंह ठाकुर निवासी भालूचुआं की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक में साथ रहे उसके चाचा पेसराज ठाकुर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे महासमुंद रेफर कर दिया गया। परिजनों के अनुसार घायल की स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई है और वह कोमा में है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि चंदरपुर पेट्रोल पंप के आसपास कई होटल, ढाबे और दुकानें संचालित हैं। इसके चलते सडक़ के दोनों किनारों पर अव्यवस्थित तरीके से दर्जनों ट्रक खड़े रहते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है।
ग्रामीणों का आरोप है कि पूर्व में भी इसी स्थान पर कई सडक़ हादसे हो चुके हैं, लेकिन अब तक यातायात व्यवस्था सुधारने या सडक़ किनारे भारी वाहनों की पार्किंग पर रोक लगाने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। हादसे के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन और यातायात विभाग से सडक़ किनारे ट्रकों की अवैध पार्किंग पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते व्यवस्था नहीं सुधारी गई तो भविष्य में भी ऐसे हादसे होते रहेंगे और लोगों की जान जाती रहेगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।