महासमुन्द

पिकअप की ठोकर से गिरे बाइक सवार को ट्रक ने रौंदा, एक मौत, एक गंभीर
19-Jun-2026 3:58 PM
पिकअप की ठोकर से गिरे बाइक सवार को ट्रक ने रौंदा, एक मौत, एक गंभीर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,19 जून। महासमुंद जिले के बागबाहरा थाना क्षेत्र में हुए एक दर्दनाक सडक़ हादसे में 23 वर्षीय युवक की मौत हो गई। जबकि उसका चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने जांच के बाद पिकअप और ट्रक चालकों के खिलाफ  मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार ग्राम नवाडीह निवासी टीकम ठाकुर अपने चचेरे भाई मुकेश ठाकुर के साथ मोटरसाइकिल से बांगबाहरा आया था। परसो 17 जून को दोनों वापस गांव लौट रहे थे। इसी दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग 353 पर आरटीओ बैरियर के पास खरियार रोड की ओर से आ रही पिकअप वाहन ने कथित रूप से लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी मोटर साइकिल को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों युवक सडक़ पर गिर पड़े। इसी बीच बागबाहरा से खरियार रोड की ओर जा रहे एक ट्रक ने टीकम ठाकुर को कुचल दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं मुकेश ठाकुर को सिर, जांघ और हाथों में गंभीर चोटें आई हैं।

घायल मुकेश को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागबाहरा में भर्ती कराया गया। अस्पताल से प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। जांच में पिकअप की टक्कर तथा ट्रक से कुचलने के कारण टीकम ठाकुर की मृत्यु होना पाया गया। पुलिस ने मृतक के पिता संजीव कुमार ठाकुर सहित अन्य ग्रामीणों के बयान दर्ज किए हैं। जांच पूरी होने के बाद दोनों वाहन चालकों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता बीएनएस की धारा 281, 125 व 106-1, 3-5 के तहत अपराध दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया गया है।


अन्य पोस्ट