महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,19जून। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर कल गुरुवार को महासमुंद जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस नेताओं ने राज्य सरकार पर बिजली दरों में लगातार वृद्धि कर आम उपभोक्ताओं की जेब पर अतिरिक्त बोझ डालने का आरोप लगाया। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता राजेन्द्र तिवारी ने कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद प्रदेश में पांचवीं बार बिजली दरों में बढ़ोतरी की गई है। जिससे घरेलू, व्यावसायिक और कृषि उपभोक्ता प्रभावित हुए हैं।
उन्होंने कहा कि नई दरों के अनुसार घरेलू उपभोक्ताओं के लिए प्रति यूनिट 30 से 50 पैसे तथा गैर.घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 20 से 40 पैसे प्रति यूनिट तक वृद्धि की गई है। कृषि पंपों की बिजली दरों में भी इजाफा किया गया है। उनका दावा है कि पिछले कुछ वर्षों में बिजली दरों में लगातार बढ़ोतरी होने से उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक भार पड़ा है।
राजेन्द्र तिवारी ने कहा कि प्रदेश में बिजली उत्पादन की पर्याप्त क्षमता होने के बावजूद उपभोक्ताओं को महंगी बिजली का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर व्यवस्था के कारण भी उपभोक्ताओं की परेशानियां बढ़ी हैं और बिजली बिलों में अनियमितताओं की शिकायतें सामने आ रही हैं। प्रेस कॉन्फ्रेंस में बढ़ रहे कांग्रेस नेताओं ने स्मार्ट मीटर व्यवस्था की समीक्षा करने तथा बिजली दरों में की गड वृद्धि को वापस लेने की मांग की।
उन्होंने कहा कि महंगाई के दौर में लगातार बिजली बिल आम परिवारों के बजट पर प्रतिकूल प्रभाव डाल रहे हैं। इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष डा. रश्मि चंद्राकर, पूर्व जिलापंचाायत उपाध्यक्ष लक्ष्मण पटेल, शहर अध्यक्ष गुरमीत चावला समेत जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी एक कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।