महासमुन्द

सोते युवक पर हथियार से हमला, गंभीर
18-Jun-2026 4:19 PM
सोते युवक पर हथियार   से हमला, गंभीर

महासमुंद,18जून। सरायपाली थाना अंतर्गत ग्राम बालसी में एक युवक पर सोते समय धारदार हथियार से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है।

पीडि़त परसुराम अजगल्ले ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह विगत 10 जून की रात परिवार के साथ भोजन करने के बाद अपने घर के आंगन में खाट पर सो रहा था। उसके पास ही उसकी मां भी सोई हुई थीं। रात करीब 10 बजे किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसके सिर पर धारदार वस्तु से वार कर दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया।   घटना के बाद परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरायपाली ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बसना के एक निजी अस्पताल में भर्ती किया गया है। घायल युवक 11 से 15 जून तक अस्पताल में भर्ती रहकर उपचार कराता रहा।

चिकित्सकों के अनुसार सिर में गंभीर चोट लगी थी, जिससे उसकी जान को भी खतरा हो सकता था। पीडि़त ने अपनी शिकायत में बताया कि उसके माता-पिता ने घटना के समय मोहन लाल अजगल्ले को घटनास्थल से भागते हुए देखा था।

शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपी मोहन लाल एवं उसके परिवार के साथ पूर्व से पारिवारिक विवाद और रंजिश चली आ रही थी तथा वह पहले भी धमकी देता रहा था। पुलिस ने पीडि़त की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ  भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 के तहत अपराध कायम कर विवेचना में लिया है।


अन्य पोस्ट