महासमुन्द
गंभीर चोट के निशान, हत्या की आशंका
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,18 जून। जिले के पटेवा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तुरेंगा में मिली अज्ञात महिला की लाश की पहचान गुरुवार दोपहर 12 बजे समाचार लिखते तक नहीं हो पाई है और पुलिस उसकी पहचान में जुटी हुई है।
पटेवा पुलिस के अनुसार खेमसिंह दीवान के खेत में कल सुबह करीब 25 से 30 वर्ष आयु की महिला का शव बरामद हुआ है। प्रारंभिक जांच में गला, दाढ़ी और जबड़े पर धारदार हथियार से गंभीर चोट के निशान मिले हैं, जिससे पुलिस को हत्या की आशंका है। पुलिस को महिला के गर्भवती होने की आशंका है लेकिन पोस्टमार्टम के बाद ही इस बात का खुलासा हो सकेगा।
पुलिस ने बताया कि मृतका ने नीले रंग का गाउन नाइटी, कत्थई रंग का पेटीकोट और संतरा रंग की चुनरी पहन रखी है। उसका रंग गोरा, चेहरा गोल तथा कद लगभग 5 फ ीट है। दोनों हाथों में हरे रंग की चूडिय़ां और एक कत्थई रंग का कंगन, गले में लाल रेशमी धागे में मंगलसूत्र, पैरों में पायल और बिछिया पहनी हुई है। दोनों पैरों के नाखूनों पर लाल रंग की नेल पॉलिश लगी हुई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अज्ञात शव की पहचान के लिए इश्तिहार जारी किया है। जिले सहित आसपास के थाना क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों से मृतका का मिलान कराया जा रहा है। पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि किसी महिला की पहचान उक्त हुलिए से होती हो तो तत्काल थाना पटेवा या पुलिस कंट्रोल रूम महासमुंद को सूचना दें। पुलिस ने बताया कि पहचान होने के बाद हत्या की गुत्थी सुलझाने में महत्वपूर्ण सुराग मिल सकते हैं। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
------