महासमुन्द

शाला प्रवेशोत्सव: बच्चों को तिलक लगाकर व मिठाई खिलाकर स्वागत
17-Jun-2026 4:19 PM
 शाला प्रवेशोत्सव: बच्चों को तिलक  लगाकर व मिठाई खिलाकर स्वागत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,17जून। नए शिक्षण सत्र की शुरुआत के साथ ही जिलेभर के विद्यालयों में शाला प्रवेशोत्सव उत्साह पूर्वक मनाया गया। इसी क्रम में कल आशीबाई गोलछा उच्चतर माध्यमिक शाला, महासमुंद और प्राथमिक शाला भलेसर में शाला प्रवेशोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक-रोली लगाकर तथा मिठाई खिलाकर आत्मीय स्वागत किया गया। साथ ही विद्यार्थियों को नि:शुल्क पाठ्यपुस्तक एवं गणवेश भी वितरित किए गए।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कलेक्टर विनय कुमार लंगेह शामिल हुए। इस अवसर पर जिला स्काउट गाइड संघ के अध्यक्ष ऐतराम साहू, शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष संदीप दीवान एवं जिला शिक्षा अधिकारी बी एल देवांगन, डीएमसी रेखराज शर्मा सहित विद्यालय के प्राचार्य जी आर सिन्हा, नीलम दीवान, अनुज पांडेय, आनंद गिरी गोस्वाीम, हरबंश सिंह ढिल्लो,  सीता डोंडेकर, सुधा साहू, शिक्षक, पालक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

               कलेक्टर श्री लंगेह ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें विद्यालय जीवन की नई शुरुआत के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने पालकों से बच्चों की नियमित पढ़ाई एवं विद्यालय उपस्थिति सुनिश्चित करने का आह्वान किया। कलेक्टर ने विद्यालय प्रबंधन को निर्देशित किया कि मध्याह्न भोजन योजना का लाभ सभी पात्र विद्यार्थियों तक पहुंचे तथा गणवेश वितरण की प्रक्रिया पूर्ण पारदर्शिता के साथ संपन्न की जाए।

उन्होंने शाला विकास समिति एवं पालकों से विद्यालय की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने का आग्रह भी किया। कलेक्टर ने विद्यार्थियों को मोबाइल और टीवी के अत्यधिक उपयोग से बचने तथा अध्ययन एवं खेलकूद पर अधिक ध्यान देने की सलाह दी। उन्होंने विद्यालयों को समय पर संचालित करने, नियमित मध्यान्ह भोजन वितरण एवं नि:शुल्क गणवेश उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।

               जिला स्काउट गाइड संघ के अध्यक्ष ऐतराम साहू ने कहा कि शाला प्रवेशोत्सव बच्चों में शिक्षा के प्रति उत्साह और आत्मविश्वास का संचार करता है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों को नि:शुल्क पुस्तकें और गणवेश उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे वे सत्र के पहले दिन से ही अध्ययन प्रारंभ कर सकें। उन्होंने कहा कि विद्यालय बच्चों के सर्वांगीण विकास का सबसे महत्वपूर्ण माध्यम है और प्रत्येक शिक्षक की जिम्मेदारी है कि वे विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करें।

               शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष संदीप दीवान ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे मन लगाकर पढ़ाई करें तथा मोबाइल एवं अन्य गैजेट्स का सीमित उपयोग करें। वहीं डीएमसी रेखराज शर्मा ने शैक्षणिक कैलेंडर के अनुरूप सभी गतिविधियों का संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पालकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें ताकि जिले में ड्रॉपआउट दर को शून्य किया जा सके।

               प्राथमिक शाला भलेसर प्रवेशोत्सव में सरपंच सेवा राम कुर्रे, विकासखंड शिक्षा अधिकारी लीलाधर सिन्हा,भोपाल बंजारा, एपीसी संपा बोस, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी तारिका कुंजाम,हीना धालेन तथा बीआरसीसी जागेश्वर सिन्हा, सीएसी ए चन्द्रशेखर डोरा, शिक्षक दुर्गा यादव, एसएमसी सदस्य,पालकगण तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट