महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,15जून। जनसेवा ही प्राथमिक धर्म के सिद्धांत पर कार्य कर रहे नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू की सक्रिय कार्यशैली और विकासोन्मुखी सोच का परिणाम है कि महासमुंद नगर को एक बार फिर बड़ी सौगात मिली है। संचालनालय, नगरीय प्रशासन एवं विकास, नवा रायपुर द्वारा 15वें वित्त आयोग की अनटाईड ग्राण्ट मद के तहत 58.22 लाख रुपए के 5 महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों की अनुमति प्रदान की गई है।
अध्यक्ष श्री साहू की कार्यशैली की सबसे बड़ी विशेषता है जमीनी समस्याओं को समझकर शासन स्तर पर प्रभावी पैरवी करना। वे न केवल प्रस्ताव भेजते हैं, बल्कि स्वीकृति मिलने तक लगातार फॉलोअप करते हैं। इसी का नतीजा है कि इससे पहले भी विभिन्न कार्यों के लिए उनके प्रयासों से शासन द्वारा 1 करोड़ 27 लाख 85 हजार रुपए की स्वीकृति दी गई थी। अब नई स्वीकृति मिलाकर नगर के विकास के लिए लगातार राशि लाने में वे सफल हो रहे हैं।
इस बार स्वीकृत प्रमुख कार्यों में वार्ड क्रमांक 02 स्थित मुक्तिधाम से इमलीभाठा बस्ती तक सीसी रोड निर्माण हेतु 23.53 लाख, वार्ड क्र.14 स्थित अम्बेडकर चौक से आंगनबाड़ी तक नाली स्लैब निर्माण के लिए 17.95 लाख, ब्लाक आफिस के पीछे ट्यूबूलर पोल स्थापना के लिए 12.31 लाख रुपए, वार्ड 11 दलदली रोड स्थित वृद्धाश्रम के पास इंटरलाकिंग ब्लाक निर्माण के लिए 3.04 लाख, वार्ड 26 में संतोष घर से कश्यप घर तक नाली-स्लैब निर्माण के लिए 1.39 लाख रुपए की स्वीकृति मिली है।
इस उपलब्धि पर अध्यक्ष नपाध्यक्ष श्री साहू ने कहा कि उनका एक ही लक्ष्य है। महासमुंद के प्रत्येक वार्ड तक विकास पहुंचे। सडक़, नाली, बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं में कोई कमी न रहे। जनता ने जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरना हमारा दायित्व है। उन्होंने इस स्वीकृति के लिए नगरीय प्रशासन मंत्री एवं उप मुख्यमंत्री अरुण साव, महासमुंद सांसद रूपकुमारी चौधरी तथा विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा के मार्गदर्शन एवं सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया। अध्यक्ष ने भरोसा दिलाया कि शासन के दिशा-निर्देशों के तहत सभी कार्य गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूर्ण कराए जाएंगे।


