महासमुन्द

बसना नपं में सैकड़ों राशन कार्डधारकों को तीन-चार महीनों से चावल, शक्कर, नमक नहीं -आरोप
13-Jun-2026 3:57 PM
बसना नपं में सैकड़ों राशन  कार्डधारकों को तीन-चार महीनों से चावल, शक्कर, नमक नहीं -आरोप

हितग्राहियों ने कहा -अंगूठा लगवा लिया लेकिन राशन नहीं दिया

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,13 जून। बसना नगर पंचायत में सैकड़ों राशन कार्डधारकों ने आरोप लगाया है कि पिछले तीन से चार महीनों से उन्हें चावल, शक्कर और नमक जैसी जरूरी सामग्री नहीं मिली है। जबकि ऑनलाइन रिकॉर्ड में राशन वितरण दिखाया जा चुका है।  हितग्राहियों का कहना है कि उनसे अंगूठा लगवा लिया गया, लेकिन राशन नहीं दिया गया।

ग्रामीणों का आरोप है कि राशन दुकान के सेल्समैन द्वारा लगातार टालमटोल की जा रही है और राशन मांगने पर लोगों को गालियां सुननी पड़ती हैं। कई हितग्राहियों ने आरोप लगाया कि शिकायत करने या राशन के बारे में पूछने पर सेल्समैन अभद्र व्यवहार करता है और अपमानित करता है।

ग्रामीणों के अनुसार सरकारी पोर्टल में उनके राशन कार्ड की एंट्री हो चुकी है और वितरण भी दर्शाया गया है। लेकिन वास्तविकता में उन्हें एक दाना तक नहीं मिला है। महिलाओं का कहना है कि पिछले तीन महीनों से शक्कर और नमक का वितरण भी बंद है। इससे गरीब और मजदूर परिवारों के सामने भोजन का संकट गहराता जा रहा है।  हितग्राही लक्ष्मी मानिकपुरी,फागुनी बाई,डिकेश्वरी पटवा,.पिंटू बहरा आदि ने कलेक्टर से मुलाकात कर इसकी शिकायत की है। बताया है कि तीन-चार महीने से चावल नहीं मिला है और शिकायत के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हो रही है।

 राशन नहीं  मिलने से उन्हें दूसरों के यहां भोजन करने को मजबूर होना पड़ रहा है। राशन मांगने पर सेल्समैन कार्ड फेंक देता है और बदतमीजी करता है।

 महासमुंद कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने इस मामले में कहा कि शिकायत उनके संज्ञान में आई है।् उन्होंने संबंधित विभाग को जांच के निर्देश दिए है। यदि जांच में कोई अनियमितता या लापरवाही सामने आती है तो दोषियों के खिलाफ  नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


अन्य पोस्ट