महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 12 जून। भारतीय जनता पार्टी के जिला प्रवक्ता स्वप्निल तिवारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर इसे भारत के नवजागरण, सुशासन, जनविश्वास और राष्ट्र निर्माण के स्वर्णिम अध्याय के रूप में वर्णित किया है। उन्होंने जारी विज्ञप्ति में कहा कि वर्ष 2014 में प्रारंभ हुई यह यात्रा केवल एक राजनीतिक परिवर्तन नहीं थी, बल्कि देश के करोड़ों नागरिकों की आकांक्षाओं, सपनों और आत्मविश्वास को नई उड़ान देने वाली ऐतिहासिक शुरुआत थी।
श्री तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विश्व मंच पर अपनी एक नई और सशक्त पहचान स्थापित की है। आज भारत केवल एक विकासशील राष्ट्र नहीं, बल्कि विश्व की अग्रणी अर्थव्यवस्थाओं में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराने वाला आत्मविश्वासी और निर्णायक राष्ट्र बनकर उभरा है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की प्रतिष्ठा और प्रभाव में अभूतपूर्व वृद्धि हुई है तथा वैश्विक मंचों पर देश की बात को गंभीरता से सुना और स्वीकार किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि बीते 12 वर्षों में देश ने डिजिटल क्रांति, आधारभूत संरचना, रक्षा, अंतरिक्ष विज्ञान, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं।
डिजिटल इंडिया अभियान ने देश को तकनीक आधारित शासन व्यवस्था प्रदान की है, वहीं स्टार्टअप इंडिया और मेक इन इंडिया जैसी योजनाओं ने युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराए हैं। आज भारत विश्व का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बनने की दिशा में तेजी से अग्रसर है। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से करोड़ों परिवारों को पक्के मकान, उज्ज्वला योजना के तहत माताओं-बहनों को धुएं से मुक्ति, आयुष्मान भारत योजना के जरिए गरीब परिवारों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं तथा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के माध्यम से किसानों को आर्थिक संबल प्रदान किया गया है। जल जीवन मिशन ने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल पहुंचाकर लोगों के जीवन स्तर में सकारात्मक परिवर्तन लाया है।


