महासमुन्द

आंधी-तूफान से गिरी दीवार, मलबे में दबकर ग्रामीण की मौत
11-Jun-2026 8:36 PM
आंधी-तूफान से गिरी दीवार, मलबे में दबकर ग्रामीण की मौत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 11जून। बसना क्षेत्र में बुधवार शाम आए तेज आंधी तूफान ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। घर के समीप स्थित दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। जिसकी चपेट में आने से एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम गणेशपुर निवासी जयलाल पेटकार 43 वर्ष पिछले पांच वर्षों से अपने ससुराल ग्राम नारायणपुर भगतदेवरी में घर जंवाई के रूप में रह रहा था। वह अक्सर अपने पैतृक गांव गणेशपुर और ससुराल नारायणपुर के बीच आना-जाना कर नारायणपुर में रह रहा था। बताया जा रहा है कि बुधवार शाम करीब 6.30 बजे क्षेत्र में अचानक तेज आंधी और तूफान शुरू हो गया। इसी दौरान जयलाल पेटकार अपने घर के पास मौजूद था। तेज हवाओं के कारण घर के समीप स्थित एक दीवार अचानक ढह गई और उसका भारी मलबा जयलाल के ऊपर आ गिरा। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों और ग्रामीणों ने तत्काल उसे मलबे से बाहर निकाला तथा उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना परिजनों द्वारा सांकरा थाना में दी गई। पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मर्ग कायम कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है। क्षेत्र में आए तेज आंधी-तूफान के कारण कई स्थानों पर पेड़ गिरने की भी खबरें सामने आ रही हैं।

 क्षेत्र में बिजली बंद होने से अंधेरा छाया हुआ है। जयलाल पेटकार की असमय मृत्यु से उसके तीन बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है।


अन्य पोस्ट