महासमुन्द

120 वारंटियों की गिरफ्तारी, 9 साल पुराना स्थायी वारंट भी तामील
08-Jun-2026 4:00 PM
120 वारंटियों की गिरफ्तारी, 9 साल पुराना स्थायी वारंट भी तामील

 ‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 8 जून। जिले में अपराध नियंत्रण और फरार आरोपियों की धर-पकड़ के लिए चलाए गए विशेष अभियान के तहत महासमुंद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 120 वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। इनमें 29 स्थायी वारंटी और 91 गिरफ्तारी वारंटी शामिल हैं। अभियान के दौरान थाना सरायपाली क्षेत्र का वर्ष 2017 से लंबित 9 वर्ष पुराना स्थायी वारंट भी तामील किया गया।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी जानकारी के अनुसार जिले में 1 जून से 5 जून तक पांच दिवसीय विशेष सर्च अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य लंबे समय से फरार वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करना था। इस दौरान स्थानीय न्यायालयों के अलावा अन्य जिलों से प्राप्त वारंटों का भी निष्पादन किया गया। पुलिस के अनुसार तामील किए गए 29 स्थायी वारंटों में आबकारी अधिनियम के 9, मारपीट एवं गाली.गलौज जैसे मामलों के 9, एनआई एक्ट चेक बाउंस के 8, दुर्घटना के 1, चोरी के 1 तथा एनडीपीएस एक्ट का 1 मामला शामिल है। वहीं चेक बाउंस के सात मामलों में भी वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

इस अभियान के तहत महासमुंद अनुविभाग में कोतवाली थाना क्षेत्र से 8 स्थायी एवं 7 गिरफ्तारी वारंट, तुमगांव से 2 स्थायी एवं 1 गिरफ्तारी वारंट तथा खल्लारी से 1 स्थायी एवं 3 गिरफ्तारी वारंट तामील किए गए। बागबाहरा अनुविभाग में बागबाहरा, कोमाखान और तेंदुकोना थाना क्षेत्रों में कुल 5 स्थायी और 22 गिरफ्तारी वारंटों का निष्पादन किया गया।

इसी प्रकार पिथौरा अनुविभाग में पिथौरा, सांकरा और पटेवा थाना क्षेत्रों में 5 स्थायी एवं 13 गिरफ्तारी वारंट तामील किए गए। सरायपाली अनुविभाग में बसना, सरायपाली, सिंघोड़ा और बलौदा थाना क्षेत्रों में सर्वाधिक कार्रवाई करते हुए 11 स्थायी एवं 45 गिरफ्तारी वारंटों का निष्पादन किया गया।

पुलिस ने बताया कि इससे पूर्व 1 मई से 5 मई तक चलाए गए विशेष अभियान में 65 वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया था। जून माह के अभियान में यह संख्या बढक़र 120 पहुंच गई है, जो फरार आरोपियों के विरुद्ध पुलिस की सख्त कार्रवाई को दर्शाती है। पुलिस अधिकारियों ने कहा है किं न्यायालयों द्वारा जारी स्थायी एवं जमानती वारंटों की तामील को प्राथमिकता दी जा रही है। जिले में शांति व्यवस्था भंग करने वाले तथा कानून से बचने का प्रयास करने वाले आरोपियों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।


अन्य पोस्ट