महासमुन्द

तुमगांव नपं अध्यक्ष की पत्नी दर्जनों समर्थकों के साथ कांग्रेस में शामिल
07-Jun-2026 4:21 PM
तुमगांव नपं अध्यक्ष की पत्नी दर्जनों समर्थकों के साथ कांग्रेस में शामिल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 7 जून। महासमुंद जिले के तुमगांव नगर पंचायत क्षेत्र में कांग्रेस संगठन को कल उस समय बड़ी मजबूती मिली, जब तुमगांव नगर पंचायत के अध्यक्ष बलराम कांत साहू की पत्नी राधा साहू ने आधिकारिक रूप से कांग्रेस पार्टी का दामन थाम लिया। राधा साहू के साथ क्षेत्र के दर्जनों सक्रिय कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने भी कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण की।

इस महत्वपूर्ण राजनैतिक प्रवेश कार्यक्रम का आयोजन पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. रश्मि चंद्राकर तथा जिला पंचायत सदस्य सृष्टि चंद्राकर के कुशल मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष संगीता सिन्हा तथा महासमुंद जिला अध्यक्ष द्वारकाधीश यादव द्वारा राधा साहू और उनके समर्थकों को कांग्रेस का गमछा पहनाकर पार्टी में विधिवत शामिल किया गया।

 वरिष्ठ नेताओं ने सभी नए सदस्यों का पार्टी में आत्मीय स्वागत किया।

इस अवसर पर महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष संगीता सिन्हा ने कहा कि कांग्रेस की जनहितैषी नीतियों और नेतृत्व पर भरोसा जताते हुए लगातार लोग पार्टी से जुड़ रहे हैं।  राधा साहू और उनके दर्जनों साथियों के आने से तुमगांव क्षेत्र में संगठन को अभूतपूर्व शक्ति मिलेगी।

पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ. रश्मि चंद्राकर और जिला पंचायत सदस्य सृष्टि चंद्राकर ने कहा कि स्थानीय स्तर पर मजबूत पकड़ रखने वाले परिवारों का कांग्रेस में आना यह साबित करता है कि जनता और जमीनी कार्यकर्ता विकास की राजनीति के साथ हैं। इस प्रवेश से आने वाले समय में स्थानीय निकाय और संगठन के कार्यों को नई गति मिलेगी।

श्रीमती  साहू ने कांग्रेस प्रवेश के बाद शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुँचाने और संगठन को मजबूत करने के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करेंगी। इस दौरान तुमगांव और महासमुंद क्षेत्र के अनेक वरिष्ठ कांग्रेसी नेता, पदाधिकारी एवं भारी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट