महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 6 जून। नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने श्रमिकों के हित में महासमुंद नगर क्षेत्र में ईएसआईसी अस्पताल स्थापित करने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने कर्मचारी राज्य बीमा निगम ईएसआईसी के प्रबंध निदेशक, पंचदीप भवन, नई दिल्ली को पत्र प्रेषित किया है।
पत्र में नपाध्यक्ष श्री साहू ने उल्लेख किया कि महासमुंद नगर एवं आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों में बड़ी संख्या में ईएसआईसी अंशदायी श्रमिक एवं उनके आश्रित निवासरत हैं। वर्तमान में ईएसआईसी अस्पताल की सुविधा नहीं होने के कारण बीमित श्रमिकों को उपचार हेतु दूरस्थ स्थानों पर जाना पड़ता है। जिससे उन्हें समय, धन एवं श्रम की अनावश्यक हानि होती है।
श्री साहू ने लिखा है कि क्षेत्र में औद्योगिक एवं व्यावसायिक गतिविधियों के विस्तार के साथ ईएसआईसी लाभार्थियों की संख्या निरंतर बढ़ रही है। अस्पताल स्थापित होने से श्रमिकों एवं उनके परिवारजनों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुलभ होंगी तथा आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं का भी लाभ प्राप्त होगा। नपा अध्यक्ष ने जनहित एवं श्रमिक हित को दृष्टिगत रखते हुए ईएसआईसी निदेशक से महासमुंद क्षेत्र में ईएसआईसी अस्पताल की स्थापना हेतु आवश्यक सर्वेक्षण एवं कार्यवाही कराने का अनुरोध किया है।
आगे लिखा है कि महासमुंद में ईएसआईसी अस्पताल खुलने से बीमित श्रमिक और परिवार के आश्रितों को ओपीडी, आईपीडी, दवाए, जांच सब मुफ्त मिलेगा। प्राइवेट अस्पताल का खर्च बचेगा। फिजिशियन, सर्जन, गायनो, पीडियाट्रिक, ऑर्थो जैसे विशेषज्ञ एक ही छत के नीचे मिलेंगे।
फैक्ट्री में दुर्घटना या रात में तबीयत बिगडऩे पर तात्कालिक उपचार संभव हो सकेगा। बीमित महिला श्रमिकों को प्रसव सुविधा, बच्चों का टीकाकरण व इलाज भी मुफ्त सहित अनेक लाभ श्रमिकों को मिलेगा।


