महासमुन्द

जिले के फेल-पूरक-गैर हाजिर 5020 विद्यार्थियों को मिलेगा दूसरा मौका
05-Jun-2026 3:48 PM
जिले के फेल-पूरक-गैर हाजिर 5020 विद्यार्थियों को मिलेगा दूसरा मौका

12वीं की परीक्षाएं 8 से और 10वीं की 9 जुलाई से शुरू होगी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,5 जून। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल माशिमंद्ध ने सत्र 2025-26 की मुख्य बोर्ड परीक्षा में असफल रहे या कम अंकों से असंतुष्ट छात्र.छात्राओं के लिए लाइफलाइन जारी कर दी है। सीजी बोर्ड द्वारा द्वितीय मुख्य अवसर परीक्षा का विस्तृत टाइम-टेबल घोषित कर दिया गया है। इसके तहत 12वीं की परीक्षाएं 8 जुलाई से और 10वीं की परीक्षाएं 9 जुलाई से शुरू होने जा रही हैं।

मंडल ने साफ  कर दिया है कि यदि परीक्षा अवधि के दौरान कोई स्थानीय या सार्वजनिक अवकाश घोषित होता है, तब भी परीक्षाएं स्थगित नहीं होंगी, वे अपने तय कार्यक्रम के अनुसार ही कराई जाएंगी। शिक्षा विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक इस बार महासमुंद जिले से कुल 5,020 छात्र-छात्राओं को इस द्वितीय परीक्षा के माध्यम से अपने अंकों में सुधार करने और साल बचाने का सुनहरा अवसर मिलेगा।

मालूम हो कि महासमुंद जिले में इस बार बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम में कई छात्रों ने बाजी मारी, तो कई उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाए। कक्षा 10वीं में कुल 12851 विद्यार्थी पंजीकृत थे इनमें 12663 परीक्षा में शामिल हुए। इनमें से कुल 10003 विद्यार्थी पास हुए। इनमें प्रथम श्रेणी में 5,385, द्वितीय श्रेणी में 4,253 और तृतीय श्रेणी में 365 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए। वहीं, अनुत्तीर्ण, पूरक और अनुपस्थित रहने वाले कुल 2,848 छात्र रहे, जो इस अवसर परीक्षा में शामिल हो सकेंगे।

इसी तरह कक्षा 12वीं में कुल 10664 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इनमें से 10579 ही शामिल हुए। वहीं 8537 पास हुए जिनमें प्रथम श्रेणी में 5,420, द्वितीय श्रेणी में 2,976 और तृतीय श्रेणी में 141 विद्यार्थी पास हुए। जबकि फेल और पूरक श्रेणी वाले 2,127 छात्र दोबारा मैदान में उतरेंगे।

बोर्ड ने परीक्षा संचालन को लेकर कड़े निर्देश जारी किए हैं। दोनों ही कक्षाओं की परीक्षाएं सुबह 9 बजे से दोपहर 12.15 बजे तक आयोजित की जाएंगी। सुबह 9 बजे छात्रों को हर हाल में परीक्षा कक्ष में स्थान ग्रहण करना होगा। सुबह 9.05 बजे उत्तर पुस्तिका का वितरण किया जाएगा। 9.10 बजे प्रश्न पत्र बाटे जाएंगे। 9.15 से 12.15 बजे तक छात्रों को उत्तर लिखने के लिए पूरे 3 घंटे का समय मिलेगा।

अनुत्तीर्ण छात्र जो एक या सभी विषयों में फेल हैं, वे दोबारा परीक्षा देकर पास हो सकते हैं। पूरक सप्लीमेंट्री जिन्हें पूरक पात्रता मिली है, उनके लिए यह अनिवार्य अवसर है। डीईओ बीएल देवांगन ने बताया कि, इस परीक्षा का मुख्य उद्देश्य छात्रों का साल बर्बाद होने से बचाना है। इसके लिए 30 मई तक आवेदन लिए जाएंगे। परीक्षा 8 जुलाई से शुरू होगी। स्वाध्यायी छात्रों की प्रायोगिक परीक्षाएं उन्हीं के निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होंगी।

इसके लिए छात्रों को अपने केंद्राध्यक्ष से संपर्क बनाए रखना होगा। प्रवेश पत्र वितरण की प्रक्रिया जल्द ही संबंधित केंद्रों और ऑनलाइन माध्यम से शुरू की जाएगी।जो छात्र पास हैं, लेकिन अपने डिवीजन या नंबरों से असंतुष्ट हैं और जो मुख्य परीक्षा में किन्हीं कारणों से शामिल नहीं हो सके थे, वे इसका लाभ ले सकते हैं।


अन्य पोस्ट