महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 5 जून। नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू के निर्देशानुसार मानसून पूर्व शहर में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए बड़ी नालियों की सफाई का कार्य युद्ध स्तर पर प्रारंभ कर दिया गया है। श्री साहू ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि शहर के सभी मुख्य बड़ी नालियों से सिल्ट, कचरा एवं प्लास्टिक अपशिष्ट को प्राथमिकता से हटाया जाए। उन्होंने कहा कि बरसात में नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। इसके लिए सभी तैयारियां समय पर पूरी कर ली जाएं।
पालिकाध्यक्ष श्री साहू के निर्देश पर सफाई प्रभारी दिलीप चंद्राकर के नेतृत्व में कल पालिका के सफाई कर्मचारियों ने रायपुर रोड के बड़ी नाली की सफाई कर बड़ी मात्रा में कचरा निकाला। जेसीबी के माध्यम से नालियों की गहराई तक साफ कराया गया। श्री साहू ने निर्देशित किया है कि संबंधित विभाग प्रभारी पूरे कार्यों की मॉनिटरिंग करें। सफाई के दौरान किसी प्रकार की लापरवाही न हो इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
श्री साहू ने नगरवासियों से भी अपील की है कि वे नालियों में कचरा ना डालें। प्लास्टिक, झिल्लियां डालने से नालियां जाम हो जाती है, जिससे जल निकासी में व्यवधान उत्पन्न होता है। जिससे बाद में काफी परेशानियां होती है। उन्होंने कहा कि घर से निकलने वाले कचरों को पालिका के कचरा एकत्र करने आने वाली स्च्छता दीदियों को ही दें। श्री साहू ने महासमुंद को स्वच्छ व सुंदर बनाने में समस्त नगरवासियों से सहयोग का आग्रह किया है।


