महासमुन्द

खाद की कालाबाजारी पर भडक़े किसान, निष्पक्ष जांच और कार्रवाई करने की मांग
05-Jun-2026 2:56 PM
खाद की कालाबाजारी पर भडक़े किसान,   निष्पक्ष जांच और कार्रवाई करने की मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 5 जून। बसना क्षेत्र में खाद बिक्री में कथित अनियमितताओं और कालाबाजारी को लेकर किसानों का गुस्सा फूट पड़ा है। प्रशासन की सुस्त कार्यप्रणाली से नाराज किसानों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

राष्ट्रीय किसान परिषद के महामंत्री महेंद्र साव और किसान नेता उग्रसेन साखरे के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर से मुलाकात कर बंसुला स्थित विजय कृषि सेवा केंद्र के खिलाफ  गंभीर शिकायतें दर्ज कराईं। किसानों ने अपनी शिकायत में विजय कृषि सेवा केंद्र पर निम्नलिखित गंभीर आरोप लगाए हैं। आरोप है कि दुकान संचालक द्वारा निर्धारित सरकारी दर से काफी अधिक कीमत पर यूरिया खाद बेची जा रही है। कहा कि खाद लेने पहुंचने वाले किसानों पर दबाव बनाया जाता है कि वे यूरिया के साथ दुकान के अन्य बिना जरूरत वाले कृषि उत्पाद भी खरीदें।

उन्होंने बताया कि दुकान का आधिकारिक लाइसेंस बसना शहर के नाम पर जारी है, लेकिन नियमों को ताक पर रखकर इसका अवैध संचालन बंसुला गांव में किया जा रहा है। किसानों ने बताया कि इस कालाबाजारी को लेकर 21 मई 2026 को अनुविभागीय अधिकारी राजस्व बसना और उप संचालक कृषि को लिखित शिकायत दी गई थी। शिकायत के बाद विभाग ने जांच तो की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

किसानों का आरोप है कि जांच रिपोर्ट में उनकी मुख्य शिकायतों को दबाने की कोशिश की गई है। जिससे विभाग की मिलीभगत की बू आ रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर महासमुंद ने तत्काल कृषि विभाग के संबंधित अधिकारियों को फोन कर जांच के कड़े निर्देश दिए। कलेक्टर ने दो टूक कहा कि जिले में खाद की कालाबाजारी और किसानों का शोषण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषी पाए जाने पर संबंधित व्यापारी का लाइसेंस रद्द कर कार्रवाई होगी।


अन्य पोस्ट