महासमुन्द
शनिवार को भी एनएच-53 पर हुआ था हादसा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 1 जून। राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर सडक़ हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार और रविवार दोनों दिन दो बड़े हादसे हुए हैं, जिसमें रविवार को एक प्रधान आरक्षक की मौत हो गई। वहीं शनिवार को बस और ट्रक की भिड़ंत हो गई, जिसमें ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। बस में सवारी नहीं होने के कारण तब बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार रविवार सुबह को जिले के सांकरा थाना क्षेत्र के एनएच-53 बल्दीडीह स्थित जोंक नदी के पास एक सडक़ हादसे में बागबाहरा थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक दयासागर भोई की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही सांकरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस अज्ञात ट्रक चालक के संबंध में जानकारी जुटा रही है। गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि उन्हें संभलने का मौका नहीं मिला और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना की खबर मिलते ही पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। क्षेत्र में भी इस हादसे के बाद शोक का माहौल है। मृतक दयासागर किसी काम से बल्दीडीह से सांकरा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बल्दीडीह के पास उनकी मोटरसाइकिल विपरीत दिशा से आ रही ट्रक की चपेट में आ गई। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी की तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
दयासागर भोई के निधन की खबर जैसे ही ग्राम गोडमर्रा सहित आसपास के क्षेत्रों में पहुंची, शोक की लहर फैल गई। उनकी असामयिक मृत्यु से न केवल परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र और पुलिस विभाग में गहरा दुख व्याप्त है।
मालूम हो कि इसी रास्ते शनिवार की सुबह करीब 7.30 बजे राजधानी बस क्रमांक सीजी 10 आई 1260 बिलाईगढ़ की ओर बिना सवारी जा रही थी। इसी दौरान बिहारी ढाबा के पास पीछे से आ रहे एक ट्रक क्रमांक डब्ल्यूबी 11 पी 0621 ने बस को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर की तीव्रता इतनी अधिक थी कि ट्रक अनियंत्रिेत होकर डिवाइडर पर चढ़ गया। जबकि बस असंतुलित होकर पलट गई। हादसे के बाद ट्रक चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया। जिसे क्रेन तथा स्थानीय लोगों की मदद से काफ ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया।
गंभीर रूप से घायल ट्रक चालक रामजी यादव पिता मुनी यादव 18 साल निवासी बक्सर बिहार को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बसना लाया गया। जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए महासमुंद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। उक्त ट्रक में चालक सहित दो लोग सवार थे। इस हादसे में ट्रक सवार दूसरे व्यक्ति को मामूली चोटें आई हैं। वहीं बस के चालक सुरक्षित बताए जा रहे हैं।


