महासमुन्द

नपाध्यक्ष की पहल पर नागरिकों को अस्थाई प्याऊ से मिल रहा शुद्ध शीतल जल
01-Jun-2026 3:34 PM
नपाध्यक्ष की पहल पर नागरिकों को अस्थाई प्याऊ से मिल  रहा शुद्ध शीतल जल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 1 जून। भीषण गर्मी व लू के प्रकोप के बीच पालिकाध्यक्ष निखिलकांत साहू की पहल पर पालिका द्वारा नागरिकों के लिए नगर के प्रमुख चौक-चौराहों पर जार वाला शुद्ध एवं ठंडा पेयजल उपलब्ध कराने हेतु अस्थायी प्याऊ स्थापित किए गए हैं।  नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू का दावा है कि प्रदेश में यह अपनी तरह की पहली पहल है जिसके तहत नागरिकों को जार के माध्यम से स्वच्छ एवं ठंडा पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। नगर पालिका अध्यक्ष श्री साहू ने बताया कि बढ़ते तापमान को देखते हुए राहगीरों, मजदूरों, व्यापारियों एवं आम नागरिकों को गर्मी से राहत देने के उद्देश्य से यह व्यवस्था की गई है। प्याऊ स्थलों पर नियमित रूप से शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। ताकि नागरिकों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पानी मिल सके। देश के विभिन्न क्षेत्रों में गर्मी के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर निरूशुल्क ठंडे पेयजल की व्यवस्था नागरिकों को राहत देने के लिए की जाती रही है।

पालिकाध्यक्ष ने नागरिकों से अपील की है कि वे उपलब्ध कराई गई इस सुविधा का उपयोग करें तथा पेयजल व्यवस्था को स्वच्छ बनाएं रखने में सहयोग प्रदान करें।

नगर पालिका प्रशासन द्वारा गर्मी के मौसम में आवश्यकतानुसार अन्य स्थानों पर भी अस्थायी प्याऊ स्थापित किए जाने पर विचार किया जा रहा है।


अन्य पोस्ट