महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,1 जून। देर रात ग्रामीणों ने सरायपाली बिजली ऑफि स को माधोपाली के ग्रामीणों ने घेर लिया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे। बताया जा रहा है कि माधोपाली में 30 घंटे से बिजली बंद रहने से ग्रामीण परेशान थे। इनका आरोप है कि दो दिनों तक विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों की नहीं सुनी। लोग फोन लगाते रहे लेकिन अधिकारियों ने किसी का भी फोन नहीं उठाया।
थक चुके ग्रामीणों ने एकजुट होकर बिजली ऑफिस का घेराव किया और जब तक विद्युत व्यवस्था बहाल नहीं की गई, लोग दफ्तर के सामने नारे लगाते हुए डटे रहे।
ग्रामीणों को एकजुट देख बिजली विभाग के अफसरों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बिजली व्यवस्था बहाल करने की बात कही। आश्वासन के बाद भी गांव में जब तक बिजली नहीं आई, लोग बिजली दफ्तर से टस से मस नहीं हुए। अंतत: सुबह होते-होते गांव में बिजली व्यवस्था बहाल कर दी गई और तब जाकर ग्रामीण गांव लौटे।


