महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 31 मई। बसना थाना क्षेत्र के बिहारी ढाबा के पास एक भीषण सडक़ हादसा सामने आया। जहां एक तेज रफ्तार ट्रक ने चलती यात्री बस को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गया और उसका चालक केबिन में ही बुरी तरह फंस गया।
जानकारी अनुसार शनिवार की सुबह करीब 7.30 बजे राजधानी बस सीजी 10 आई 1260 बिना किसी सवारी के बिहारी ढाबा से बसना नगर के बस स्टैंड की ओर जा रही थी। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक ट्रक डब्ल्यूबी 11 पी 0621 ने बस को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
इस हादसे में बस असंतुलित होकर पलट गई। जबकि ट्रक डिवाइडर पर जा चढ़ा। दुर्घटना के बाद ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन के मलबे में ही फंस गया। सूचना मिलते ही बसना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों और क्रेन की मदद से काफी मशक्कत के बाद ट्रक चालक को बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल चालक का नाम रामजी यादव बिहार है। उसे प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बसना ले जाया गया। जहां से नाजुक हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल महासमुंद रेफर कर दिया गया है।
गौरतलब है कि अभी कुछ दिन पहले 24 मई को बसना नगर के दरबार किराना दुकान के पास एक दर्दनाक हादसा हुआ था। इसमें कीर्तन कार्यक्रम से लौट रहे लखनलाल सिन्हा की मोटरसाइकिल को विपरीत दिशा से आ रही एक बस ने टक्कर मार दी थी। जिनकी बाद में रायपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई। अभी दो दिन पूर्व ही कलेक्टर ने सडक़ सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक लेकर अधिकारियों को कड़े निर्देश जारी किए, लेकिन जमीनी स्तर पर इसका कोई असर नहीं दिख रहा है।


