महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 29 मई। करोड़ों के धान घोटाला के मुख्य आरोपी बम्हनी खरीदी केंद्र प्रभारी गंगाधर जगत को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उन पर किसानों के हक के 3 हजार 742 क्विंटल मतलब 9 हजार 355 कट्टे धान गबन का आरोप है। थाना बसना में धारा 316-5 बीएनएस के तहत मामला दर्ज उन्हें आरोपी न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
मामला यह है कि 27 मई को उसत कुमार प्रधान शाखा प्रबंधक जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्या. पिरदो ने थाना बसना में एक लिखित शिकायत दर्ज कराई गई थी। जिसमें धान उपार्जन केन्द्र बम्हनी प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति आरंगीद्ध में दिनांक 16मई 2026 को प्रशासनिक जांच दल द्वारा किए गए भौतिक सत्यापन में 3हजार742 क्विंटल 9 हजार 355 कट्टा मोटा धान कम पाया गया है। उक्त धान का समर्थन मूल्य और कृषक उन्नति योजना की राशि मिलाकर कुल 1करोड़, 16 लाख दो सौ रुपयए का गबन होना पाया गया है।
शिकायत की गंभीरता को देखते हुए तत्काल थाना बसना में अपराध क्रमांक 281-2026 धारा 316-5 पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। मामले में थाना बसना पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई की गई। प्रकरण के मुख्य आरोपी धान उपार्जन केन्द्र प्रभारी गंगाधर जगत से कल 28 मई को पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार किया।
मामले में जांच रिपोर्ट के आधार पर आरोपी के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर आरोपी गंगाधर जगत को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश कर न्यायिक रिमांड स्वीकृत करा कर जेल दाखिल किया गया है। प्रकरण में संलिप्त अन्य व्यक्तियों की भूमिका एवं संलिप्तता के संबंध में विवेचना जारी है।


