महासमुन्द

रजिस्टर से स्टॉक मिलाया, 144 बोरी यूरिया गायब मिला
28-May-2026 3:13 PM
रजिस्टर से स्टॉक मिलाया, 144 बोरी यूरिया गायब मिला

खरीफ  सीजन में खाद की कालाबाजारी, पॉस मशीन जब्त

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 28 मई। खरीफ सीजन शुरू होते ही किसानों को उचित मूल्य पर गुणवत्तापूर्ण उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है।

कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देश पर कृषि और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने जिले के विभिन्न कृषि सेवा केंद्रों में औचक निरीक्षण कर बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान पटेवा स्थित प्रतीक बीज भंडार में जांच के दौरान स्टॉक में भारी गड़बड़ी सामने आई है। अधिकारियों ने जब पॉस मशीन की जांच की, तो रिकॉर्ड में 328 बोरी यूरिया उपलब्ध होना दर्शाया गया था। लेकिन गोदाम के भौतिक सत्यापन में केवल 214 बोरी यूरिया ही मिला।

इस तरह रिकॉर्ड से 114 बोरी खाद कम पाए जाने पर टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए खाद का स्टॉक और संबंधित पॉस मशीन जब्त कर ली। इसी तरह तहसील कोमाखान के ग्राम मुनगासेर में संयुक्त टीम ने खोमसिंह साहू के कोठार में छापा मारा। निरीक्षण के दौरान वहां लगभग 50 बोरी यूरिया अवैध रूप से भंडारित मिली। टीम द्वारा बिलए वाउचर और अन्य दस्तावेज मांगे जाने पर कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इसके बाद पूरी खाद जब्त कर ली गई।

वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी उषाकांति खेस ने सागरपाली स्थित किसान कृषि सेवा केंद्र और भंवरपुर के जय दुर्गा कृषि सेवा केंद्र का भी निरीक्षण किया। जांच के दौरान उर्वरकों के भंडारण, विक्रय दर, स्टॉक पंजी और पॉस मशीन से हो रहे वितरण की बारीकी से जांच की गई। अधिकारियों ने संचालकों को निर्धारित नियमों का पालन करने के निर्देश दिए। विभाग ने चेतावनी दी है कि यदि कोई विक्रेता निर्धारित मूल्य से अधिक राशि वसूलते, कालाबाजारी या जमाखोरी करते मिलेस तो उन पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने किसानों से भी अपील की है कि खाद.बीज खरीदते समय हमेशा पक्का बिल लें।


अन्य पोस्ट