महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 28 मई। सडक़ सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन अब सख्त कार्रवाई के मूड में नजर आ रहा है। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देश पर बुधवार को परिवहन और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने नेशनल हाईवे-53 पर यात्री बसों के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाया।
औचक निरीक्षण के दौरान नियमों की अनदेखी करने वाली 6 यात्री बसों पर तत्काल दंडात्मक कार्रवाई करते हुए शमन शुल्क वसूला गया। टीम ने हाईवे पर बसों को रोककर सुरक्षा और परिवहन नियमों से जुड़े दस्तावेजों की बारीकी से जांच की। जांच के दौरान बसों के वैध परमिट, फिटनेस सर्टिफिकेट, बीमा दस्तावेज, किराया सूची तथा चालक.कंडक्टर की निर्धारित वर्दी की जांच की गई। कई बसों में परमिट की शर्तों का उल्लंघन पाया गया। जबकि कुछ चालक और कंडक्टर बिना यूनिफॉर्म के ड्यूटी करते मिले।
संयुक्त टीम ने मौके पर ही संबंधित बस संचालकों और कर्मचारियों पर कार्रवाई करते हुए मौके पर ही संबंधित बस संचालकों और कर्मचारियों पर कार्रवाई करते हुए जुर्माना वसूला। अधिकारियों ने सभी वाहन चालकों को सख्त चेतावनी दी कि यातायात नियमों का पालन नहीं करने पर आगे और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


