महासमुन्द

अपर जोंक परियोजना की मुख्य नहर के जीर्णोद्धार की मांग
27-May-2026 4:52 PM
अपर जोंक परियोजना की मुख्य नहर के जीर्णोद्धार की मांग

खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश ने सीएम को लिखा पत्र

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बागबाहरा,  27 मई। खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को एक पत्र लिखकर क्षेत्र के किसानों के हित में एक बड़ी पहल की है। विधायक श्री यादव ने जल संसाधन विभाग के अंतर्गत आने वाली ‘अपर जोंक परियोजना (मध्यम)’  की मुख्य नहर के जीर्णोद्धार, पक्के कार्यों के उन्नयन और लाइनिंग कार्य को जल्द से जल्द स्वीकृति देने का आग्रह किया है।

विधायक श्री यादव ने मुख्यमंत्री को प्रेषित पत्र में बताया है कि जल संसाधन उपसंभाग क्र. 02 बागबाहरा के तहत आने वाली अपर जोंक परियोजना का कुल रूपांकित रकबा 810.00 हेक्टेयर है। इस परियोजना से क्षेत्र के 11 गांवों को लाभ मिलना तय हुआ था। हालांकि, बुनियादी ढांचे की कमी के कारण वर्तमान में केवल 2 गांवों (खट्टी और परसूली) की 211.00 हेक्टेयर भूमि को ही सिंचाई का लाभ मिल पा रहा है।  नहर की बदहाली के कारण शेष 9 गांवों के किसान आज भी पानी के लिए तरस रहे हैं। सिंचाई के साधन न होने के कारण इन गांवों का कुल 609.00 हेक्टेयर क्षेत्र सूखा पड़ा है। प्रभावित गांवों में मुख्य रूप से परसुली, अमनपुरी, पण्डरीपानी, कारागुला, बनियातोरा, झिटकी,झलमला, बैहराभाठा, राटापाली शामिल है।

डीपीआर मंत्रालय में जमा, अंतिम छोर तक पानी पहुंचाने का लक्ष्य

विधायक श्री यादव ने बताया है कि इस महत्वपूर्ण कार्य के लिए विभाग द्वारा डीपीआर तैयार कर मंत्रालय में जमा कराई जा चुकी है। उन्होंने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कि इस कार्य को तत्काल प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान करने के लिए उचित निर्देश जारी किए जाएं।

इस कार्य के स्वीकृत होते ही 609.00 हेक्टेयर क्षेत्र के कृषकों को सिंचाई की पक्की सुविधा मिलने लगेगी और नहर के अंतिम छोर (टेल एरिया) तक पानी आसानी से पहुंच सकेगा, जिससे क्षेत्र में कृषि उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा।


अन्य पोस्ट