महासमुन्द

3 गांवों को तुमगांव तहसील में शामिल करने सौंपा आवेदन
27-May-2026 4:49 PM
3 गांवों को तुमगांव तहसील में शामिल करने सौंपा आवेदन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 27 मई। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा आम जनता की समस्याओं के निराकरण के लिए चलाए जा रहे सुशासन तिहार के दौरान ग्राम अमावस, बेल्टुकरी एवं अछरीडीह को पुन: तुमगांव तहसील में शामिल किए जाने की मांग उठी है। समस्याओं को देखते हुए महासमुंद किसान कांग्रेस के जिला अध्यक्ष मानिक साहू ने सरकार एवं जिला प्रशासन से इस संबंध में कार्रवाई करने की मांग की है। 

आवेदन में बताया कि उक्त तीनों ग्राम पूर्व में तुमगांव तहसील अंतर्गत शामिल थे। लेकिन बाद में इन्हें महासमुंद तहसील में जोड़ दिया गया। तहसील परिवर्तन के बाद ग्रामीणों, किसानों को आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र सहित अन्य राजस्व संबंधी कार्यों के लिए महासमुंद जाना पड़ता है।

 जिससे लोगों को आर्थिक एवं शारीरिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मानिक साहू ने कहा कि इन गांवों का दैनिक आवागमन,बाजार, सामाजिक गतिविधियां एवं अधिकांश शासकीय संपर्क तुमगांव क्षेत्र से जुड़े हुए हैं।

 तुमगांव की दूरी कम होने के कारण पहले लोगों को अपने कार्यों के लिए सुविधा मिलती थी, लेकिन महासमुंद तहसील में शामिल होने के बाद ग्रामीणों को लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है।


अन्य पोस्ट