महासमुन्द

ढाई करोड़ के कार्यों का भूमिपूजन
26-May-2026 6:22 PM
ढाई करोड़ के कार्यों का भूमिपूजन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

पिथौरा, 26 मई। सुशासन तिहार के तहत नगर पंचायत पिथौरा में सोमवार को लगभग 2.50 करोड़ रुपए की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं नगरवासी उपस्थित रहे। विकास कार्यों के शुभारंभ को लेकर लोगों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष देवेश निषाद थे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पंचायत उपाध्यक्ष वीरेंद्र तिवारी ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में सांसद प्रतिनिधि मनमीत छाबड़ा, वरिष्ठ पार्षद मन्नूलाल ठाकुर, पार्षद राम कुंवर सिन्हा, पार्षद पुष्पकांत पटेल, पार्षद कौशल मानिकपुरी, वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व मंडल अध्यक्ष नरेश सिंघल, विक्की सलूजा तथा स्काउट के उपायुक्त लक्ष्मीकांत सोनी, किशोर पटेल, दीपक सिन्हा उपस्थित रहे। कार्यक्रम में एसडीएम, तहसीलदार एवं नगर पंचायत सीएमओ भी मंचासीन रहे।

भूमिपूजन के दौरान अतिथियों ने कहा कि नगर में लगातार विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। सडक़, नाली, पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों के पूर्ण होने से नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी तथा नगर का व्यवस्थित विकास सुनिश्चित होगा। वक्ताओं ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से कार्य किए जा रहे हैं और सुशासन दिवस इसी संकल्प को मजबूत करने का अवसर है।

कार्यक्रम में अतिथियों ने विकास कार्यों के लिए नगर पंचायत की पहल की सराहना करते हुए कहा कि जनसहभागिता के माध्यम से नगर को स्वच्छ, सुंदर एवं सुविधायुक्त बनाने की दिशा में लगातार प्रयास जारी रहेंगे। इस दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने नागरिकों से विकास कार्यों में सहयोग की अपील भी की। कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, पार्षदगण, समाजसेवी, भाजपा कार्यकर्ता एवं नगर पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। भूमिपूजन के पश्चात अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान भी किया गया।


अन्य पोस्ट