महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 24 मई। भारतीय जनता पार्टी जिला महासमुंद द्वारा पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान अंतर्गत आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय आवासीय प्रशिक्षण वर्ग का समापन बागबाहरा स्थित चंडी माता मंदिर परिसर घुंचापाली में आहुत हुआ। प्रशिक्षण वर्ग में जिलेभर से पहुंचे भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई तथा संगठनात्मक मजबूती, वैचारिक स्पष्टता एवं नेतृत्व विकास से संबंधित विभिन्न विषयों पर वरिष्ठ नेताओं का मार्गदर्शन प्राप्त किया।
समापन सत्र के अवसर पर महासमुंद लोकसभा सांसद रूपकुमारी चौधरी,जिला संगठन प्रभारी जयंती पटेल, जिलाध्यक्ष येतराम साहू, विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा, पूर्व सांसद चुन्नीलाल साहू, छत्तीसगढ़ राज्य बीज निगम अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर, पूर्व विधायक रामलाल चौहान,त्रिलोचन पटेल, परेश बागबाहरा समेत ओमप्रकाश चौधरी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान संगठनात्मक विषयों, बूथ सशक्तिकरण, सोशल मीडिया की भूमिका, सेवा कार्यों एवं जनसंपर्क अभियान को लेकर विशेष सत्र आयोजित किए गए।
द्वितीय दिवस के वक्ता के रूप में प्रदेश महामंत्री नवीन मार्कण्डेय, भाजपा आईटी सेल प्रदेश संयोजक सुनील पिल्लई, प्रदेश उपाध्यक्ष जगन्नाथ पाणिग्राही, जिला संगठन प्रभारी जयंती पटेल तथा वर्ग प्रमुख अभिनेष कश्यप ने कार्यकर्ताओं को अपने अपने विषय पर संबोधित करते हुए भाजपा की विचारधारा, राष्ट्र प्रथम की भावना एवं संगठनात्मक कार्यपद्धति पर विस्तारपूर्वक मार्गदर्शन प्रदान किया।
समापन सत्र को संबोधित करते हुए सांसद रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्रसेवा एवं जनहित के कार्यों के लिए सदैव समर्पित रहता है। प्रशिक्षण वर्ग कार्यकर्ताओं में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन एवं संगठन के प्रति समर्पण की भावना को और अधिक सशक्त बनाता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया।
भाजपा जिलाध्यक्ष येतराम साहू ने प्रशिक्षण महाअभियान को संगठन की मजबूती का आधार बताते हुए कहा कि वैचारिक रूप से सशक्त कार्यकर्ता ही भाजपा की असली ताकत हैं। कार्यक्रम के दौरान नियंत्रण की जिम्मेदारी वरिष्ठ भाजपा नेता ओमप्रकाश चौधरी ने संभाली। जबकि आभार प्रदर्शन भाजपा जिलाध्यक्ष येतराम साहू द्वारा किया गया।
प्रशिक्षण वर्ग कार्यक्रम का संचालन भाजपा जिला महामंत्री जितेन्द्र त्रिपाठी एवं थानसिंह दीवान ने किया। अंत में राष्ट्रगीत के साथ प्रशिक्षण वर्ग का विधिवत समापन किया गया। उक्त जानकारी जिला मीडिया प्रभारी नवीन कुमार साव एवं सह प्रभारी आनंद साहू द्वारा मीडिया को दी गई।


