महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 21 मई। जिले के बसना थाना अंतर्गत भंवरपुर पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम बुंदेलाभांठा में सोमवार रात से लापता एक व्यक्ति का शव उसके घर से लगभग डेढ़ सौ मीटर दूर एक झोपड़ी के पास मिली है। घटना की सूचना मिलने पर भंवरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मामले का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम बुंदेलाभांठा निवासी सुरेश सिदार पिता समारू सिदार अपने परिवार के साथ निवास करता था। परिवार में पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री सहित चार सदस्य हैं। कुछ दिनों पूर्व उसकी पत्नी और पुत्री धान कटाई मजदूरी के लिए ओडि़शा गई हुई थीं। जिसके कारण घर में केवल सुरेश और उसका पुत्र ही रह रहे थे। बताया जा रहा है कि सोमवार रात गांव में एक बैठक आयोजित की गई थी। उस दौरान सुरेश सिदार ने अपने पुत्र से कहा कि उसकी तबीयत ठीक नहीं है और वह छत पर जाकर सो रहा है। इसलिए वह गांव की बैठक में चला जाए। बैठक से लौटने के बाद पुत्र भी सो गया।
मंगलवार सुबह जब काफी देर तक उसके पिता नीचे नहीं आए, तब उसने छत पर जाकर देखा। लेकिन वहां सुरेश सिदार मौजूद नहीं था। इसके बाद उसने आसपास के लोगों और रिश्तेदारों से पूछताछ की। लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।
पूरे दिन तलाश करने के बावजूद उनका कोई पता नहीं चल पाया। बुधवार को भी जब सुरेश का कोई सुराग नहीं मिला तब कोटवार से मुनादी कराकर ग्रामीणों से खोजबीन में सहयोग करने की अपील की गई। मुनादी के बाद एक युवती जो खेत की ओर शौच के लिए गई थी, उसने आकर जानकारी दी कि गांव से लगभग डेढ़ सौ मीटर दूर खेत के पास स्थित एक झोपड़ी के समीप एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे,जहां परिजनों और गांव वालों ने शव की पहचान सुरेश के रूप में की। घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। कुछ लोग बोरवेल के बिजली तार की चपेट में आने से मौत होने की आशंका जता रहे हैं। जबकि कुछ लोग इसे संदेहास्पद मौत मान रहे हैं। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि अभी नहीं हो सकी है। बाद में घटना की सूचना भंवरपुर पुलिस चौकी को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पंचनामे के बाग शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।


