महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 21 मई। सांकरा थाना पुलिस ने तत्परता के साथ एक बड़ी चोरी की वारदात का 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर चोरक्षेत्र में पुलिस की इस कार्रवाई की व्यापक सराहना हो रही है। मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी देवेंद्र जोशी ने थाना सांकरा पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि 16 मई की रात अज्ञात चोर उनके घर में रखी पेटी से प्रधानमंत्री आवास योजना, केसीसी लोन तथा धान बिक्री से प्राप्त राशि सहित कुल 2 लाख 30 हजार रुपए नगद चोरी कर ले गया। यह रकम घर निर्माण के लिए वर्षों से पाई-पाई जोडक़र संचित की गई थी।
बताया जा रहा है कि पीडि़त एक दिव्यांग किसान है, जिसने कठिन परिस्थितियों के बीच अपने परिवार के लिए घर बनाने का सपना संजोया था। चोरी की इस घटना ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया था। वर्षों की मेहनत और संघर्ष से जोड़ी गई रकम एक ही रात में गायब हो जाने से किसान और उसका पुत्र मानसिक रूप से टूट गए थे। घर बनाने की उम्मीद मानो बिखरती नजर आने लगी थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सांकरा पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 305, 331-4 के तहत मामला दर्ज कर तत्काल जांच शुरू की। पुलिस टीम ने साइबर सेल और मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए लगातार संदिग्धों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस का संदेह सावित्रीपुर निवासी शिशुपाल धुवल पर गया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी पुलिस को लगातार गुमराह करने की कोशिश की। लेकिन पुलिस की सतर्कता और मनोवैज्ञानिक पूछताछ के आगे उसकी चाल ज्यादा देर नहीं चल सकी। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने चोरी की घटना स्वीकार कर ली। आरोपी के निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की गई पूरी 2 लाख 30 हजार रुपए की नगद राशि बरामद कर ली। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।


