महासमुन्द

चाकू से डराने धमकाने वाला गिरफ्तार
21-May-2026 3:55 PM
चाकू से डराने धमकाने  वाला गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,21मई। बसना थाना क्षेत्र अंतर्गत गढ़पटनी रोड स्थित शराब भट्टी के पास हाथ में धारदार चाकू लहराकर आने.जाने वाले राहगीरों को डराने धमकाने वाले एक युवक को बसना पुलिस ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ आम्र्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

मिली जानकारी के अनुसार 20 मई को बसना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि गढ़पटनी रोड दारू भट्टी के पास एक व्यक्ति हाथ में घातक हथियार लेकर आम लोगों को डरा धमका रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बताए स्थान पर दबिश दी। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने देखा कि एक युवक लोहे का धारदार चाकू हवा में लहरा रहा था। जिसे पुलिस ने घेराबंदी कर धर दबोचा। पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना नाम हेमलाल चेरकिया, 29 साल बताया। आरोपी मूल रूप से धौराभांठा, थाना सहिला, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ निवासी है, जो वर्तमान में जर्रा थाना बसना में रह रहा है। पुलिस ने आरोपी से साढ़े 12 इंच लंबा लोहे का धारदार चाकू, जिसके फल की लंबाई 7 इंच और चौड़ाई डेढ़ इंच है, जब्त कर लिया। आरोपी का यह कृत्य धारा 25, 27 आम्र्स एक्ट के तहत दंडनीय होने के कारण पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है तथा अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।


अन्य पोस्ट