महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,19मई। पेट्रोल और डीजल के दामों में वृद्धि तथा ईंधन की किल्लत के विरोध में शहर कांग्रेस कमेटी महासमुंद द्वारा प्रदर्शन किया गया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान तथा जिलाध्यक्ष द्वारकाधीश यादव के मार्गदर्शन में आयोजित इस आंदोलन में प्रमुख रूप से शहर कांग्रेस अध्यक्ष गुरमीत चावला, पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ.रश्मि चंद्राकर, पूर्व विधायक विनोद चंद्राकर की उपस्थिति में पेट्रोल पंपों के सामने कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मोर्चा संभाला।
इस दौरान ज्यादातर पेट्रोल पंपों में ईंधन उपलब्ध ही नहीं था और जहां उपलब्ध था वहां लम्बी-लम्बी कतारों में लोग संघर्ष करते दिखे। प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने इस बात पर गहरी चिंता जताई कि एक तरफ पेट्रोल-डीजल के दाम आसमान छू रहे हैं। वहीं दूसरी तरफ बाजार में इनकी आपूर्ति भी कम कर दी गई है। जिले के पेट्रोल पंपों में ईंधन की कमी है। जिसके कारण आम जनता को एक से दूसरे पंप पर भटकना पड़ रहा है। सभी जगहों पर वाहनों को सीमित मात्रा में पेट्रोल-डीजल दिया जा रहा है। जिससे किसान, व्यापारी और नौकरीपेशा लोग बेहद परेशान हैं।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं के हाथों में सरकार विरोधी स्लोगन, बैनर और तख्तियां थीं। कार्यकर्ताओं ने सरकार की जनविरोधी नीतियों और लचर आपूर्ति व्यवस्था के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस आंदोलन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने पेट्रोल पंप पर लाइन में खड़े परेशान नागरिकों, बाइक चालकों, ऑटो चालकों और किसानों से संवाद किया। सीमित मात्रा में ईंधन मिलने और भटकने के कारण लोगों में भारी आक्रोश देखा गया।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए शहर कांग्रेस अध्यक्ष गुरमीत चावला, पूर्व विधायक विनोद चंद्राकर एवं पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. रश्मि चंद्राकर ने संयुक्त रूप से कहा कि सरकार जानबूझकर ईंधन की कृत्रिम किल्लत पैदा कर रही है। एक तरफ दाम बढ़ाए जा रहे हैं और दूस तरफ जनता को बूंद-बूंद तेल के लिए तरसाया जा रहा है। इससे न सिर्फ परिवहन ठप हो रहा है, बल्कि खेत किसानी पर भी बुरा असर पड़ रहा है। जब तक सरकार कीमतों को कम नहीं करती और आपूर्ति सुचारू नहीं करती, कांग्रेस यह आंदोलन जारी रहेगा।
इस दौरान कांग्रेस नेता दाऊलाल चंद्राकर, संजय शर्मा, तुलसी साहू, निर्मल जैनए मुस्ताक खान, देवेश शर्मा, हार्दिक सोना, तबरेज खान, ममता चंद्राकर, नितेंद्र बैनर्जी, अमन चंद्राकर, लक्ष्मी सोनी, गुलशन साहू, रिंकू चंद्राकर, जय देवांगन,डॉ एजाज नकवी, गोपी तारक, अनीश राजवानी, राजेश नेताम, मोती साहू, अनुराग चंद्राकर, बिट्टू साहू, युवराज साहू, लोकेश मांझी, सुरेंद्र ठाकुर, गौरव चंद्राकर, राकेश यादव, मोंटी, मिहिर साहू, सचिन कुमार,तुलसी देवदास, भानु सोनी आदि उपस्थित रहे।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष द्वारिकाधीश यादव ने धरना के दौरान कहा कि भाजपा सरकार केवल बड़े पूंजीपतियों के फायदे के लिए काम कर रही है। चुनाव खत्म होते ही आम जनता को राहत देने के बजाय ईंधन के दामों में अचानक बढ़ोतरी कर दी गई है। पेट्रोल और डीजल के दाम बढऩे से माल ढुलाई सीधे तौर पर बढ़ जाएगी। जिसका सीधा असर हरी सब्जियों, राशन और रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर पड़ेगा। श्री यादव ने ईंधन संकट पर चिंता जताते हुए कहा कि आज लोग घंटों लाइन में लगने के बाद भी उन्हें डीजल-पेट्रोल-रसोई गैस नहीं मिल रहा है।


