महासमुन्द

तीर्थ यात्रा फर्जीवाड़ा: शिक्षिका के वेतन से होगी वसूली
19-May-2026 3:44 PM
तीर्थ यात्रा फर्जीवाड़ा: शिक्षिका के वेतन से होगी वसूली

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,19मई। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना में फर्जीवाड़ा कर यात्रा पर जाने वाली बेमचा की एक शिक्षिका पर गाज गिरी है।  झूठा घोषणा पत्र देकर अनुचित लाभ उठाने की शिकायत सही पाए जाने पर लोक शिक्षण संचालनालय ने कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। दोषी शिक्षिका की आगामी एक वार्षिक वेतनवृद्धि असंचयी प्रभाव से रोक दी गई है। साथ ही उनके द्वारा की गई यात्रा पर हुए संपूर्ण शासकीय व्यय की वसूली उनके वेतन से करने के आदेश मिले हैं।

संचालनालय ने इस आदेश की प्रतिलिपि जिला शिक्षा अधिकारी महासमुंद और प्राचार्य शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बेमचा को भेजकर निर्देशित किया है कि संबंधित मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना संचालनकर्ता विभाग से इस यात्रा पर हुए कुल व्यय की सटीक जानकारी प्राप्त की जाए। इसके बाद उक्त राशि की वसूली शिक्षिका किरण पटेल के वेतन से कर शासकीय खजाने में जमा कराई जाएगी। इसके साथ ही शिक्षिका की सेवा पुस्तिका सर्विस बुक में भी इस दंड की आवश्यक प्रविष्टि दर्ज कर संचालनालय को प्रतिवेदन भेजने को कहा गया है।

मिली जानकारी के अनुसार महासमुंद विकासखंड के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बेमचा में किरण पटेल व्यान एलबी के पद पर पदस्थ हैं। उनके विरुद्ध 30 दिसंबर 2024 को एक शिकायत प्राप्त हुई थी। जिसमें उल्लेख था कि उन्होंने मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत मिथ्या घोषणा पत्र प्रस्तुत कर अनुचित लाभ प्राप्त किया है।

उक्त शिकायत को गंभीरता से लेते हुए संचालनालय द्वारा 29 जनवरी 2026 को शिक्षिका को आरोप पत्र जारी किया गया था।

् जारी आरोप पत्र के संबंध में शिक्षिका द्वारा 16 फरवरी 2026 को प्रस्तुत किया गया प्रतिवाद जवाब जांच में समाधानकारक नहीं पाया गया। शिक्षिका का जवाब संतोषजनक नहीं पाए जाने के फलस्वरूप, छत्तीसगढ़ सिविल सेवा वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील नियम 1966 के नियम 10 तीन, चार के अंतर्गत यह अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई है। संचालक लोक शिक्षण ऋतुराज रघुवंशी द्वारा जारी आदेश के तहत मामले में कार्रवाई जारी है।


अन्य पोस्ट