महासमुन्द
महासमुंद,19 मई। स्कूल मार्ग स्थित दीनदयाल कॉलोनी महासमुंद में बीती रात अज्ञात चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए एक लाख रुपए से अधिक कीमती सोने-चांदी के जेवरात और नकदी पार कर दिए। पीडि़त परिवार एक विवाह समारोह में शामिल होने गया हुआ था। दूसरी सुबह जब परिवार वापस लौटा, तब चोरी का खुलासा हुआ। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मकान से नगदी-जेवर और हारमोनियम की चोरी हुई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी सुखेंद्र द्विवेदी शिक्षक के द््वारा सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। खोजी कुत्तों डॉग स्क्वायड की मदद से चोरों का सुराग लगाने का प्रयास किया गया। लेकिन फिलहाल पुलिस के हाथ खाली हैं। पुलिस ने जब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले।
तो उसमें एक संदिग्ध चोर दिखाई दे रहा था। हालांकि चोर ने अपने चेहरे पर नकाब बांध रखा था। जिसके कारण उसकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात चोर के विरुद्ध अपराध दर्ज कर लिया है और हुलिए के आधार पर संदिग्धों से पूछताछ कर रही है।


