महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,18 मई। थाना सांकरा पुलिस ने गौवंश तस्करी के एक बड़े मामले में चार आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 54 बछड़ा गौवंश को ओडिशा स्थित कत्लखाने ले जाए जाने से बचा लिया है। मामले में दो आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया गया। जबकि दो आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम लोहरीनडोंगरी निवासी दीपक पुरोहित को मुखबिर से सूचना मिली थी कि चार से पांच व्यक्ति क्रूरतापूर्वक हांकते हुए बड़ी संख्या में बछड़ा गौवंश को ओडिशा की ओर कत्लखाने ले जा रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए दीपक पुरोहित अपने साथियों के साथ बताए गए स्थान की ओर रवाना हुए। मौके पर पहुंचने पर देखा गया कि कुछ लोग 54 बछड़ा गौवंश को हांकते हुए ले जा रहे थे।
इस दौरान जैसे ही टीम मौके पर पहुंची, दो व्यक्ति मौके से भाग निकले। जबकि दो आरोपियों को पकड़ लिया गया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान आनंद पटेल तथा संतोष सिदार दोनों निवासी ग्राम गौरिया, थाना सांकरा के रूप में की गई है। वहीं फरार आरोपियों में गोविंद मंडल तथा मंशा यादव निवासी ग्राम गौरिया थाना सांकरा शामिल बताए गए हैं। पूछताछ के दौरान पकड़े गए आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे बछड़ा गौवंश को ओडिशा के कत्लखाने ले जाने के उद्देश्य से परिवहन कर रहे थे। इस के बाद तत्काल पुलिस को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही सांकरा पुलिस द्वारा दोनों पकड़े गए आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। साथ ही गौवंश को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। पुलिस ने मामले में कानूनी कार्रवाई करते हुए सभी चारों आरोपियों के विरुद्ध अपराध दर्ज किया है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम एवं संबंधित धाराओं के तहत धारा 10-एलसीजी,4-एलसीजी एवं 6-एलसीजी के अंतर्गत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ कर दी है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।


