महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,18 मई। राष्ट्रीय राजमार्ग 53 से लगे ग्राम सिरको स्थित एक अवैध कबाड़ एवं स्क्रैप यार्ड पर छापा मारकर पुलिस ने भारी मात्रा में संदिग्ध लोहा स्क्रैप जब्त किया है। पुलिस ने मौके से लगभग 10 टन (10 हजार किलो ग्राम) कबाड़ सामग्री बरामद कर यार्ड को सीलबंद कर दिया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 106 के तहत कार्रवाई कर जांच शुरू कर दी गई है। जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक महासमुंद के निर्देश पर जिले भर में अवैध गतिविधियों, चोरी के सामान के भंडारण तथा अवैध कबाड़ कारोबार पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में 16 मई को बसना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम सिरको में राष्ट्रीय राजमार्ग.53 के पास एक स्क्रैप यार्ड का संचालन संदिग्ध तरीके से किया जा रहा है। सूचना की तस्दीक होते ही बसना पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। छापेमारी के दौरान यार्ड संचालक तनवीर दानी की मौजूदगी में पूरे परिसर की तलाशी ली गई। तलाशी में भारी मात्रा में लोहे का कबाड़ बरामद हुआ। जिसमें पुरानी मशीनें, पानी के पंप, साइकिल एवं मोटरसाइकिल के पाट्र्स, लोहे के एंगल, पाइप, पुराने टीन, कूलर, पंखे सहित अन्य कबाड़ सामग्री शामिल थी।
बरामद सामग्री का कुल अनुमानित वजन करीब 10 टन बताया गया है। पुलिस ने यार्ड संचालक से कबाड़ सामग्री के वैध स्वामित्व, खरीदी-बिक्री के बिल तथा व्यापार संचालन संबंधी लाइसेंस प्रस्तुत करने को कहा। लेकिन वह कोई भी वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका। दस्तावेजों के अभाव में पुलिस ने उक्त स्क्रैप को संदिग्ध संपत्ति मानते हुए भारतीय न्याय संहिता की धारा 106 के तहत जब्त कर लिया है तथा पूरे यार्ड को मौके पर ही विधिवत सीलबंद कर दिया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने बसना निवासी 40 वर्षीय तनवीर दानी को अनावेदक के रूप में चिन्हित किया है। आगे नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


