महासमुन्द
महासमुंद,17मई। नगर वासियों को सुचारु एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू शीघ्र ही प्रदेश के नगरीय प्रशासन मंत्री से मुलाकात करेंगे। इस दौरान वे नगर की बढ़ती आवश्यकता को देखते हुए इंटेक वेल की क्षमता बढ़ाने की मांग रखेंगे।
पालिका अध्यक्ष ने बताया कि गर्मी के मौसम में पेयजल की मांग बढ़ जाती है। नगर की वर्तमान एवं भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए जल स्रोतों को मजबूत करना जरूरी है। इसी उद्देश्य से इंटेक वेल की क्षमता वृद्धि का प्रस्ताव शासन स्तर पर रखा जाएगा।
उन्होंने कहा कि नगर में नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने एवं नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। मंत्री से मुलाकात के दौरान नगर की पेयजल व्यवस्था से संबंधित आवश्यक समस्याओं एवं मांगों से भी अवगत कराया जाएगा।
पालिका अध्यक्ष ने उम्मीद जताई कि शासन से शीघ्र स्वीकृति मिलने पर नगर की पेयजल व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी तथा नागरिकों को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराया जा सकेगा।


