महासमुन्द
गैरजरूरी उत्पाद थोपकर 269 के बदले 540 वसूला जा रहा था
शिकायत पर जांच शुरू
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 17 मई। खरीफ सीजन की तैयारी के बीच बसना क्षेत्र में खाद की उपलब्धता और निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर बिक्री के आरोपों को लेकर कृषि विभाग ने जांच शुरू की है। विभागीय अधिकारियों की मौजूदगी में किसानों को निर्धारित मूल्य पर यूरिया खाद का वितरण कराया जा रहा है।
बसना क्षेत्र के ग्राम बंसुला स्थित विजय कृषि सेवा केंद्र में किसानों ने कथित रूप से स्टिंग ऑपरेशन किया था। वायरल वीडियो में दुकान संचालक पर 269 रुपये मूल्य की यूरिया खाद के साथ अन्य कृषि उत्पाद जोडक़र लगभग 540 रुपये लेने का आरोप लगाया गया है। किसानों का कहना है कि अतिरिक्त राशि नहीं देने पर खाद उपलब्ध नहीं होने की बात कही जाती थी।
किसानों ने आरोप लगाया कि खेती के मौसम में इस प्रकार की व्यवस्था से उन्हें परेशानी हो रही है। शिकायत मिलने के बाद कृषि विभाग की टीम मौके पर पहुंची। विभाग के अनुसार, टीम के पहुंचने तक 25 किसानों को 100 पैकेट यूरिया वितरित किए जा चुके थे। इसके बाद अधिकारियों की निगरानी में खाद वितरण जारी रखा गया।
कृषि विभाग ने कहा है कि यदि जांच में निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर खाद बिक्री, अन्य उत्पादों की अनिवार्य बिक्री या नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है, तो संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
जांच और खाद वितरण कार्य कृषि उप संचालक महासमुंद एफ.आर. कश्यप के निर्देश पर किया जा रहा है। इस दौरान अनुविभागीय अधिकारी कृषि सरायपाली विवेक पटेल, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी उषाकांति खेस, आरईएओ मुरली पटेल और हरिशंकर केवर्त सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
विभाग के अनुसार, संबंधित कृषि सेवा केंद्र संचालक और किसानों के बयान दर्ज किए गए हैं। साथ ही विजय कृषि सेवा केंद्र, बंसुला में उपलब्ध खाद स्टॉक का पीओएस मशीन के माध्यम से किसानों को शासन द्वारा निर्धारित 269 रुपये प्रति पैकेट की दर पर वितरण कराया जा रहा है।


