महासमुन्द

गाज से 2 मौतें, घर जलकर राख, एक गंभीर, तीन बच्चों समेत 14 बाल-बाल बचे
16-May-2026 4:45 PM
गाज से 2 मौतें, घर जलकर राख, एक गंभीर, तीन बच्चों समेत 14 बाल-बाल बचे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,16 मई। गुुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात लगभग 12.30 बजे और अलसुबह तीन बजे लगभग गरज चमक के साथ हुई अंधड़ बारिश के दौरान तुमगांव क्षेत्र में धान की रखवाली कर रहे पिता-पुत्र पर आकाशीय बिजली गिरी। इससे पुत्र की मौके पर मौत हो गई,  वहीं बुजुर्ग पिता बुरी तरह घायल हो गए हैं। इसके अलावा बसना थाना क्षेत्र के ग्राम पंडरीपानी सल्डीह में आकाशीय बिजली ने एक चरवाहे को अपनी चपेट में ले लिया। जिससे उसकी मौत हो गई। जबकि उनके साथ के 2 लोग बाल-बाल बचे। तीसरी घटना बागबाहरा क्षेत्र की है जहां आधीरात एक खपरैल मकान पर गिरी आकाशीय बिजली से घर का सारा सामान खाक हो गया। इस दौरान घर में सो रहे 5 सदस्य बाल-बाल बच गए। जबकि ग्राम सिरको में खेत मालिक, उसके परिजन, हार्वेस्टर चालक तथा खेत में धान सिलाने पहुंचे तीन बच्चे घायल हो गए।

उपरोक्त घटना कल पहट को लगभग साढ़े तीन बजे की बताई जा रही है। उस समय प्रज्ञानंद देवांगन के घर में पत्नी नंदनी, छोटा भाई प्रकाश देवांगन, दो बच्चे सो रहे थे। उसी समय तेज गडग़ड़ाहट के साथ आकाशीय बिजली (गाज) उसी घर में गिरी। तेज आवाज की वजह से परिवार उठ गया। घर में लगी आग देखकर वे बाहर आ गए। बताया जाता है सबसे पहले किचन में आग लगी और थोड़ी देर में पूरे घर में फैल गयी।

प्रज्ञानंद देवांगन इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, बाइक की रेक्सीन की डिक्की आदि सामान का थोक कारोबार करता है। उक्त सामान लेन्टर वाले मकान के ऊपरी मंजिल पटऊंहा खपरेल वाली में रखा हुआ था। आग लगने की घटना की खबर तेजी से पूरे गांव में फैल गई थी। ग्रामीणों ने गांव में लाइट गुल की हालात में उपलब्ध पानी से आग बुझाने की कोशिश की। लेकिन घर के सामानों को तेजी से आग ने अपनी चपेट में ले लिया।

सरपंच एडीशन ठाकुर ने बताया कि लक्ष्मण चंद्राकर द्वारा फायर ब्रिगेड को सूचना देने पर बागबाहरा से 7 बजे एवं महासमुंद से 8 बजे फायर ब्रिगेड ने पहुंचकर आग पर काबू पाया। बताया गया है कि इस हादसे में घर के सामान सहित 15-20 लाख की क्षति हुई है। सरपंच एडीशन ठाकुर के मुताबिक नेटवर्क की समस्या के कारण पुलिस एवं फायर ब्रिगेड से समय पर संपर्क नहीं हो पाया। अन्यथा क्षति को काफी कुछ बचाया जा सकता था।

मिली जानकारी के अनुसार पहली घटना तुमगांव थाना क्षेत्र के ग्राम पिरदा छापाडबरी खार की है। धर्मसिंह गोंड अपने वृद्ध पिता पुनीत राम गोंड के साथ बीती रात खेत में लगी मूंगफली की फसल की रखवाली करने गए थे। दोनों खेत में स्थित पलाश पेड़ पर बनाए गए मचान पर सो रहे थे। इसी दौरान देर रात तेज गर्जना के साथ आसमानी बिजली सीधे मचान पर आ गिरी। इस हादसे में धर्मसिंह गोंड की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उनके पिता पुनीत राम गंभीर रूप से झुलस गए। घायल वृद्ध को तत्काल तुमगांव स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। जहां उनका उपचार जारी है।  दूसरी घटना बसना क्षेत्र की है। जानकारी अनुसार ग्राम पंडरीपानी सलडीह निवासी तीर्थराज पारेश्वर 22 वर्ष पिता नंद कुमार पारेश्वर  सुबह गांव के छत्तर पारेश्वर 52 वर्ष और शीबो भोई 50 वर्ष के साथ रोज की तरह बकरी चराने निकला था। तीनों गांव के तरिया खार क्षेत्र में थे। गुुरुवार सुबह तेज हवा के साथ आंधी-तूफान शुरू हो गया। कुछ देर बाद आसमान में तेज गर्जना हुई और अचानक आकाशीय बिजली तीर्थराज पारेश्वर के ऊपर गिरी। गाज गिरते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। उसके साथ मौजूद दोनों ग्रामीण उससे कुछ दूरी पर थे, जिसके कारण वे आकाशीय बिजली की चपेट में आने से बच गए।             प्रत्यक्षदर्शी दोनों बुजुर्ग ने बताया कि तत्काल गांव में सूचना भेजी गई। घटना की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। आनन-फ ानन में युवक को निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बसना लाया गया लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर बसना पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर कार्रवाई की। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम के बाद शव को उनके परिजनों को सौंप दिया है।

इसी तरह बसना थाना क्षेत्र के ग्राम सिरको में कल शुक्रवार सुबह करीब 8.30 बजे धान कटाई के दौरान बड़ा हादसा हो गया। बारिश से बचने के लिए हार्वेस्टर मशीन की आड़ लेकर बैठे सात लोगों पर आकाशीय बिजली गिर गई। तेज गर्जना के साथ हुई इस घटना में खेत मालिक, उसके परिजन, हार्वेस्टर चालक तथा खेत में धान सिलाने पहुंचे तीन बच्चे घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बसना पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।  जानकारी अनुसार ग्राम सिरको के खुर्सीपहार मार्ग स्थित तरिया खार के खेत में शुक्रवार सुबह धान कटाई का कार्य चल रहा था। खेत मालिक महेंद्र साहू अपने दो भतीजों एवं हार्वेस्टर ड्राइवर के साथ खेत में मौजूद था। वहीं खेत में धान सिलाने तीन बच्चे भी पहुंचे हुए थे। इसी दौरान अचानक मौसम बदल गया और हल्की से मध्यम बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए खेत में मौजूद सभी लोग हार्वेस्टर मशीन की आड़ में एक साथ बैठ गए। तभी तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली सीधे हार्वेस्टर के पास गिरी। जिसकी चपेट में वहां बैठे सभी सात लोग आ गए। बिजली गिरते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और सभी लोग जमीन पर गिर पड़े। घटना आसपास खेतों में काम कर रहे लोग भी सहम गए। हादसे में घायल प्रेम सागर साहू को कुछ देर बाद होश आया। उसने किसी तरह मोबाइल से परिजनों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। इसी दौरान तरिया खार मार्ग से धान लेकर गुजर रहे ट्रैक्टर चालक एवं मजदूरों ने भी तत्काल मदद के लिए हाथ बढ़ाया। ग्रामीणों की मदद से सभी को अस्पताल पहुंचाया गया।


अन्य पोस्ट