महासमुन्द

नवतपा के पूर्व बारिश का येलो अलर्ट
16-May-2026 4:19 PM
नवतपा के पूर्व बारिश का येलो अलर्ट

महासमुंद,16 मई। जिले में नौतपा से पहले ही मौसम के तेवर तल्ख हो गए हैं। शुक्रवार को महासमुंद जिला भीषण गर्मी और उमस की चपेट में रहा। वहीं मौसम विभाग ने शाम को बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार अगले कुछ घंटों में जिले के कई हिस्सों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज अंधड़ चलने और आकाशीय बिजली चमकने के साथ हल्की बारिश होने की प्रबल संभावना है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार एक ऊपरी हवा का चक्रीय घेरा और द्रोणिका ट्रफ  लाइन सक्रिय होने के कारण महासमुंद जिले में स्थानीय स्तर पर बादल बन रहे हैं।

कल शुक्रवार सुबह सूर्य की किरणों ने लोगों को बेहाल कर दिया। दोपहर होते-होते पारा 42 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। सडक़ों पर सन्नाटा पसर गया। मौसम विभाग द्वारा मिली जानकारी के अनुसार मौसम की अनिश्चितता को देखते हुए जिला प्रशासन और मौसम केंद्र ने एडवाइजरी जारी की है। नागरिकों से अपील की गई है कि अंधड़ या तेज बारिश के दौरान पेड़ों के नीचे शरण न लें और बिजली के खंभों से दूर रहें। कच्चे मकानों और टिन शेड वाले घरों में रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। साथ ही किसानों को अपनी उपज सुरक्षित स्थानों पर रखने का निर्देश दिया गया है ताकि अचानक होने वाली बारिश से नुकसान न हो।

मौसम विभाग के अनुसार मौसम में अचानक बदलाव आएगा। जिले के सरायपाली, बसना, पिथौरा और बागबाहरा समेत जिला मुख्यालय के आसपास के क्षेत्रों में धूल भरी आंधी चलने के आसार हैं। इस दौरान गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी चेतावनी दी गई है। विशेषज्ञों ने विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों को सतर्क रहने को कहा है। क्योंकि इस समय खुले खेतों में बिजली गिरने का खतरा अधिक रहता है। वर्तमान में जिले का अधिकतम तापमान सामान्य से 2 से 3 डिग्री अधिक बना हुआ है।

हालांकि शाम को होने वाली संभावित बारिश से रात के तापमान में मामूली गिरावट आ सकती है। जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। लेकिन यह राहत क्षणिक होगी। रविवार से मौसम के एक बार फिर शुष्क होने और तापमान में भारी बढ़ोतरी के संकेत मिल रहे हैं।


अन्य पोस्ट