महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,15 मई। प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र खल्लारी में जीवनदीप समिति की बैठक जनपद अध्यक्ष केशव चन्द्राकर की अध्यक्षता में आहुत हुई। बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक बेहतर, सुरक्षित एवं जनहितकारी बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
जनपद अध्यक्ष केशव चन्द्राकर ने बैठक में मौजूद अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि मरीजों को बेहतर उपचार और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिक जिंंंंंंंंंंंंंंंंंंंंंंंंंंंंंंंंंंंंंंंंंंंंंंंम्मेदारी है।
बैठक में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र खल्लारी के साथ-साथ प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र खम्हारिया एवं जुनवानी की जीवनदीप समिति की बैठक भी संयुक्त रूप से आयोजित की गई। जिसमें तीनों स्वास्थ्य केन्द्रों के प्रभारी अधिकारी-कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। श्री चन्द्राकर ने अस्पतालों में दवाइयों की उपलब्धता, सफ ाई व्यवस्था, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं तथा शासन की विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं के प्रभावी संचालन की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी स्वास्थ्य सेवाएं समयबद्ध एवं जिम्मेदारी के साथ संचालित की जाएं।
बैठक के दौरान अस्पतालों में बायोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन को लेकर भी चर्चा हुई। केशव चन्द्राकर ने निर्देश दिए कि अस्पताल से निकलने वाले जैव अवशिष्ट एवं चिकित्सकीय कचरे का निर्धारित गाइडलाइन के अनुसार सुरक्षित निपटान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने रंग कोडित पृथक्करण, सुरक्षित संग्रह एवं परिवहन व्यवस्था को सख्ती से लागू करने, अस्पतालों में स्वच्छ पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने, वाटर स्टोरेज टैंक की नियमित सफाई कराने तथा उसकी अगली सफाई तिथि टंकी पर अंकित करने और मरीजों एवं आमजनों की सुविधा के लिए अस्पताल परिसर में वाटर कूलर एवं वाटर फिल्टर लगाए जाने पर भी चर्चा की। बैठक में कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति एवं मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार पर भी विशेष जोर दिया गया। जनपद अध्यक्ष ने सभी कर्मचारियों को अपने दायित्वों का ईमानदारीपूर्वक निर्वहन करने तथा मरीजों के साथ विनम्र व्यवहार रखने के निर्देश दिए।
शिकायत एवं सुझाव पेटी को प्रत्येक 15 दिवस में खोलकर रिकॉर्ड संधारित करने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा अस्पताल एवं मरीजों की आवश्यकता को देखते हुए आवश्यक सामग्री क्रय करने हेतु जनपद अध्यक्ष केशव चन्द्राकर द्वारा अनुमोदन भी प्रदान किया गया।
उक्त बैठक में विधायक प्रतिनिधि खेमराज सिन्हा, जनपद सदस्य बलराम ध्रुव, पूर्व सरपंच रामजीलाल सिन्हा, पूर्व सरपंच रिंकू चेतन चंद्राकर,समाजसेवी मनहरन गुप्ता, जनप्रतिनिधि सहित अन्य जनप्रतिनिधि, जेई प्रशांत तिवारी, डा. दिलीप सतपथी, डा. बीएल मिश्रा, डा. संजय दवे, डा.गेवेंद्र नौरंगे, डा.आराधना मिश्रा, शेखर साहू, टाकेश्वर सिन्हा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी बैठक में मौजूद रहे।


