महासमुन्द

प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना से लाभान्वित हुई आरती
14-May-2026 5:55 PM
प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना से लाभान्वित हुई आरती

महासमुंद,14 मई। केंद्र सरकार द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं के स्वास्थ्य संरक्षण और पोषण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना जरूरतमंद परिवारों के लिए संबल साबित हो रही है। जिला मुख्यालय महासमुंद के बजरंग चौक वार्ड क्रमांक 11, नयापारा निवासी आरती जगत भी इस योजना से लाभान्वित होकर बेहद खुश हैं। द्वितीय बालिका के जन्म पर उन्हें शासन की ओर से 6 हजार रुपए की आर्थिक सहायता प्राप्त हुई जिससे परिवार को राहत मिली और घर में खुशियों का माहौल बन गया।

आरती जगत ने बताया कि गर्भावस्था के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ता द्वारा उन्हें प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना की जानकारी दी गई। आवश्यक दस्तावेज एवं पंजीयन प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें योजना का लाभ मिला। शासन से प्राप्त सहायता राशि नवजात बालिका एवं माता के पोषण, स्वास्थ्य जांच तथा आवश्यक देखभाल में उपयोग हुआ।

उन्होंने कहा कि आर्थिक सहयोग मिलने से परिवार को काफी सहारा मिला है। साथ ही बालिका के जन्म को लेकर परिवार में उत्साह का माहौल है। आरती जगत कहती है कि शासन की यह जनकल्याणकारी योजना महिलाओं के स्वास्थ्य संरक्षण के साथ-साथ बेटियों के प्रति समाज में सकारात्मक संदेश भी दे रही है। आरती जगत ने केंद्र एवं राज्य शासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना गर्भवती एवं धात्री माताओं के लिए लाभदायक है।


अन्य पोस्ट