महासमुन्द
महासमुंद,14मई। महतारी वंदन योजना अंतर्गत महिला हितग्राहियों का ई-केवायसी कार्य सीएससी संचालकों के माध्यम से किया जा रहा है। मीडिया एवं अन्य माध्यमों से सीएससी संचालकों द्वारा ई-केवायसी के एवज में शुल्क लिये जाने संबंधी खबरें प्रकाशित हो रही थी।
इस संबंध में कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देश पर प्रोजेक्ट मैनेजर रायपुर की टीम द्वारा पहुंचकर जांच की गई तथा बुधवार तक विभिन्न माध्यम से प्राप्त शिकायत अनुसार जिला महासमुंद में ई-केवायसी कार्य हेतु शुल्क की मांग करने वाले 4 सीएससी संचालकों की सीएससी आईडी को महतारी वंदन योजना के कार्य हेतु ब्लॉक किया गया है।
कलेक्टर विनय लंगेह से मिलकर प्रोजेक्ट मैनेजर की टीम ने बताया कि यह पूरी तरह नि:शुल्क है। साथ ही कहा कि जिन ग्राम पंचायतों, वार्ड कार्यालयों अथवा अन्य माध्यमों से ई-केवाईसी कार्य हेतु किसी भी प्रकार का शुल्क लिए जाने संबंधी शिकायतें प्राप्त होती है, तो उन शिकायतों की सूची उपलब्ध कराने का कष्ट करें। ताकि संबंधित सी एस सी संचालकों के विरुद्ध आवश्यक एवं त्वरित कार्यवाही करते हुए उनकी सी एस सी आईडी निरस्त बंद करने की कार्यवाही सुनिश्चित की जा सके। जिन सीएससी सेंटर की आईडी ब्लॉक की गई है, इनमें सरायपाली के 03 जिसमें परशुराम रात्रे, राजू बरिहा, नरहरि कुमार एवं बसना से वृंदावती भोई की आईडी शामिल है।


