महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,13मई। जिले में नौतपा से पहले ही मौसम ने अपने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। बीते चार-पांच दिनों से जारी बादलों का डेरा और बूंदाबांदी का दौर खत्म होते ही सूरज ने आग उगलना शुरू कर दिया है। कल मंगलवार को जिले का अधिकतम तापमान 40 से 41 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया जबकि न्यूनतम तापमान अभी भी 28 डिग्री तक है। मौसम विभाग के मुताबिक असली चुनौती अभी बाकी है। आने वाले एक सप्ताह में पारा 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। राजस्थान की ओर से आ रही शुष्क और गर्म हवाओं के कारण तापमान में लगातार बढ़ोतरी होगी। आगामी सप्ताह तक गर्मी और बढऩे की संभावना है। जिले में बीते चार-पांच दिन पहले बादल और को गर्मी से राहत मिली थी। दिनभर बादल छाए रहने और नमी के कारण तापमान में बढ़ोतरी नहीं हो रही थी।
लेकिन सोमवार से बादल छंटने के बाद से सूरज ने तेवर दिखाना शुरू कर दिया। अब आने वाले कुछ दिनों में अधिक गर्मी पडऩे की संभावना है। दोपहर के समय सडक़ों पर सन्नाटा पसरने लगा है। ठंडे पेय पदार्थों की दुकानों पर भीड़ बढ़ गई है। आने वाले दिनों में भीषण लू चलने की आशंका है। इसलिए प्रशासन ने भी लोगों को बेवजह धूप में न निकलने की चेतावनी दी है।


