महासमुन्द

सुशासन तिहार केवल दिखावा- द्वारिकाधीश
13-May-2026 4:00 PM
सुशासन तिहार केवल दिखावा- द्वारिकाधीश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बागबहारा, 13 मई। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा आयोजित किए जा रहे सुशासन तिहार को लेकर खल्लारी विधायक व जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष द्वारिकाधीश यादव ने सरकार पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सुशासन का दावा करने वाली सरकार जमीनी स्तर पर पूरी तरह विफल साबित हो रही है। आम जनता बिजली, पानी, सडक़, राशन और किसान समस्याओं से परेशान है, जबकि सरकार केवल प्रचार-प्रसार में व्यस्त है।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष श्री यादव ने कहा कि यदि वास्तव में सुशासन होता तो ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को मूलभूत सुविधाओं के लिए भटकना नहीं पड़ता। किसानों को समय पर खाद-बीज नहीं मिल रहा है और बेरोजगार युवा रोजगार की तलाश में दर-दर भटक रहे हैं।  उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार केवल कार्यक्रम आयोजित कर वाहवाही लूटने का प्रयास कर रही है, जबकि जनता की समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा। उन्होंने इस अभियान की कड़ी आलोचना करते हुए इसे ‘केवल प्रचार का तिहार’ करार दिया है। भाजपा की यह पहल जनसमस्याओं के निराकरण के बजाय केवल और केवल आम जनता का ध्यान भटकाने का एक तरीका है। जनता आज भी उन्हीं समस्याओं को लेकर पुन: आवेदन करने को मजबूर है। विधायक श्री यादव ने कहा कि भाजपा सरकार 2014 से ही बड़े-बड़े वादे करने और प्रचार के माध्यम से लोगों को गुमराह करने में माहिर रही है।

 जबकि धरातल पर महंगाई, बेरोजगारी और किसानों की समस्याएं जस की तस हैं। विधायक श्री यादव ने कहा कि ‘सुशासन’ के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च कर इवेंट मैनेजमेंट करना जनता के साथ क्रूर मजाक है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज को मजबूती से उठाती रहेगी और सरकार की जनविरोधी नीतियों का विरोध करेगी। साथ ही उन्होंने प्रशासन से आम लोगों की समस्याओं के त्वरित निराकरण की मांग की।-


अन्य पोस्ट