महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,11 मई। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) में वर्षभर आयोजित साहित्यिक और सांस्कृतिक गतिविधियों में भाग लेने वाले छात्राध्यापकों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न प्रतियोगिताओं और गतिविधियों में सहभागिता करने वाले छात्राध्यापकों को पुरस्कार प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बीएल देवांगन ने कहा कि डाइट शिक्षकों के प्रशिक्षण और व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण संस्थान है। उन्होंने कहा कि संस्थान के शिक्षक भावी शिक्षकों के निर्माण में कार्य कर रहे हैं।
संस्थान के प्राचार्य अरुण कुमार प्रधान ने कहा कि अध्ययन-अध्यापन के साथ साहित्यिक और सांस्कृतिक गतिविधियों में भागीदारी से अभिव्यक्ति क्षमता के विकास में मदद मिलती है। उन्होंने बताया कि वार्षिक कैलेंडर के आधार पर वर्षभर विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। उप प्राचार्य उमा देवी शर्मा ने कहा कि ऐसी गतिविधियां संस्थान की शैक्षणिक और सांस्कृतिक परंपरा को आगे बढ़ाने में सहायक होती हैं।
कार्यक्रम में संगोष्ठी, भाषण, वाद-विवाद, पोस्टर मेकिंग, एकल, युगल और सामूहिक नृत्य सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले छात्राध्यापकों को पुरस्कृत किया गया।
छात्राध्यापक परिषद की अध्यक्ष मीना ठाकुर, प्रतीक साहू, शुभम पोर्ते, धर्मेंद्र सिंह जगत, माधुरी प्रयागराज वैष्ण, विनय नेताम, खिलेश्वरी लहरे, अनुज नायक और निकिता साहू सहित अन्य प्रतिभागियों को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन साहित्यिक-सांस्कृतिक प्रभारी टेकराम सेन ने किया। इस अवसर पर नवपदस्थ जिला शिक्षा अधिकारी बीएल देवांगन का संस्थान की ओर से स्वागत और सम्मान भी किया गया।


